हिसार। उप निगम आयुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा ने मंगलवार को निगम कार्यालय की प्रॉपर्टी टैक्स शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने शाखा के कर्मचारियों व अधिकारियों से पेंडिंग फाइलों की रिपोर्ट मांगी। इस दौरान लिपिकों के पास 100 तो सचिव के पास करीब 300 फाइल पेंडिंग मिलीं। इस पर उप निगमायुक्त ने शाखा के पूरे स्टाफ को आदेश दिया कि इन फाइलों को निपटाने के बाद ही कर्मचारी घर जाएगा।
बता दें कि 30 नवंबर को उप निगम आयुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा, अपूर्व चौधरी व कार्यकारी अधिकारी दीपक गोयल ने टैक्स शाखा के स्टाफ के साथ बैठक की थी। बैठक में सामने आया था कि पिछले डेढ़ से दो माह की 300 से ज्यादा फाइलें पेंडिंग हैैं। इस पर प्रदीप हुड्डा ने पेंडिंग फाइलों का सोमवार तक निपटाने के आदेश दिए थे। चूंकि उप निगम आयुक्त सोमवार को किसी काम से हांसी चले गए थे तो मंगलवार को उन्होंने पेंडिंग फाइलों की रिपोर्ट मांगी।
अवकाश होने पर अगले दिन करना होगा ओवर टाइम
निगम अधिकारियों की मानें तो कर्मचारियों के अवकाश के कारण शाखा का काम प्रभावित न हो, इसके लिए एक फैसला किया गया है। इसके तहत अगर कोई कर्मचारी किसी दिन अवकाश पर रहता है तो अगले दिन उसे निर्धारित समय से दो घंटे ज्यादा काम करना होगा ताकि वह अवकाश वाले दिन के काम को भी निपटा सके।
आज शाखा का निरीक्षण किया था। 30 नवंबर के मुकाबले आज पेंडिंग फाइलों की संख्या कम थी। सभी कर्मचारियों को पेंडिंग फाइलों के निपटान के बाद ही घर जाने को कहा गया। - डॉ. प्रदीप हुड्डा, उप निगम आयुक्त