हिसार। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में विद्यार्थियों को निम्म गुणवत्ता का खाना परोसने के मामले में शुक्रवार को नया मोड़ आया है। प्राचार्य अशोक कुमार शनिवार को खाने की गुणवत्ता को लेकर रिपोर्ट लेंगे। साथ ही फोन कर विद्यार्थियों से फीडबैक लेंगे। प्राचार्य ने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि उच्च गुणवत्ता वाला खाना ही दिया जाएगा। खाने में कीड़े मिलने की घटना करीब चार महीने पहले की है। फिलहाल विद्यार्थियों की कोई शिकायत नहीं है। खाने की गुणवत्ता की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है।
हास्टल इंचार्ज सुशील सैनी ने बताया कि चार महीने पहले 10 विद्यार्थियों ने हाॅस्टल इंचार्ज से गोभी की सब्जी बनवाने की मांग की थी। सितंबर माह में गोभी का सीजन नहीं होता, लेकिन विद्यार्थियों के लिए गोभी की सब्जी बनवाई गई, जिसमें एक बच्चे के खाने में कीड़ा मिला तो बवाल मच गया। प्राचार्य अशोक कुमार ने बताया कि घटिया खाने की शिकायत का मामला 4 महीने पुराना है। महिला छात्रावास में 85 लड़कियां रह रही हैं। लड़कों के हाॅस्टल में 250 से अधिक छात्र हैं। 21 रुपये में एक समय का खाना दिया जाता है। फाइनल ईयर छात्र ओम गोयल ने बताया कि सबसे पहले हम खाने को चेक करते हैं। फिर सभी विद्यार्थियों को खाने देते हैं। चार महीने पहले गोभी की सब्जी में कीड़ा मिला था। रिशु यादव, अमित ने बताया कि खाने को लेकर अभी कोई दिक्कत नहीं है।