किशोरी को न्याय दिलाने के लिए लुदास गांव में निकाला गया कैंडल मार्च।
- फोटो : Hisar
हिसार। जिले के एक गांव के जलघर में मिले किशोरी के शव का मंगलवार शाम को रोहतक पीजीआई में सीआईए टीम की देखरेख में दोबारा पोस्टमार्टम हुआ। वहीं, ग्रामीणों का धरना जारी रहा। देर रात शव हिसार के नागरिक अस्पताल पहुंचा। चिकित्सकों ने विसरा जांच के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
वहीं, लुदास गांव में किशोरी को न्याय दिलाने के लिए कैंडल मार्च निकाला गया। कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह धरना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को अपना समर्थन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक किशोरी को न्याय नहीं मिलेगा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती धरना जारी रहेगा। इससे पहले ग्रामीणों ने बताया कि सीआईए की टीम मंगलवार सुबह किशोरी के शव को लेकर रोहतक पीजीआई लेकर गई। शाम को चार चिकित्सकों की टीम ने किशोरी के शव का पोस्टमार्टम शुरू किया। उनका कहना है कि हिसार के चिकित्सकों ने जो रिपोर्ट दी उसमें गोलमाल किया हुआ है। इस बारे में एसपी और डीजीपी से बात की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और किशोरी को न्याय मिले। गौरतलब है कि किशोरी के परिजनों ने 29 नवंबर को आजाद नगर थाना पुलिस में शिकायत दी थी। पुलिस ने एक युवक के खिलाफ बहला-फुसला कर ले जाने का केस दर्ज किया था। 3 दिसंबर की दोपहर को गांव के जलघर में किशोरी का शव बरामद हुआ था। परिजनों ने दुष्कर्म और हत्या करने के आरोप लगाए थे। इसके अलावा चिकित्सकों की रिपोर्ट पर आपत्ति जताई थी। शव का दोबारा से पीजीआई से पोस्टमार्टम करवाने की मांग की थी।
हिसार। धरने पर पहुंचे राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा।- फोटो : Hisar