हिसार। दुष्कर्म के एक मामले में भिवानी जिले की बवानीखेड़ा थाना पुलिस मंगलवार को नगर निगम कार्यालय पहुंची। पुलिस टीम आरोपी जूनियर इंजीनियर की गिरफ्तारी के लिए आई थी लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने निगम अधिकारियों से पूछताछ कर संबंधित रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिया।
बवानीखेड़ा थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि जूनियर इंजीनियर के खिलाफ हाल ही में बवानीखेड़ा थाना क्षेत्र में दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज हुई थी। शिकायतकर्ता युवती नगर निगम कार्यालय पहुंचकर हंगामा भी कर चुकी थी। युवती ने संबंधित जूनियर इंजीनियर पर दुष्कर्म व कुछ कर्मचारियों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे।
मंगलवार को पुलिस टीम ने करीब दो घंटे तक निगम कार्यालय में जांच की। इस दौरान आरोपी के कक्ष सहित निगम आयुक्त कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की गई। बवानीखेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हिसार आई थी, लेकिन वह नहीं मिला।