हिसार। कॉलेजों में दाखिले के लिए पीजी कोर्स की पहली मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद भी विद्यार्थी फीस जमा नहीं करा पा रहे हैं। चार दिन के अवकाश के कारण विद्यार्थियों को फीस जमा कराने के लिए केवल तीन दिन का समय मिलेगा। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से 10 नवंबर तक फीस जमा कराने का शेड्यूल जारी किया गया है।
राजगढ़ रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय के 8 पीजी कोर्स में 380 विद्यार्थियों, महिला महाविद्यालय के दो पीजी कोर्स में 111 छात्राएं, फतेहचंद महिला कॉलेज के चार पीजी कोर्स में 151, जाट कॉलेज में 5 पीजी कोर्स में कुल 248 विद्यार्थियों का चयन किया है। मेरिट लिस्ट में चयनित विद्यार्थियों के लिए एडमिशन लेने का यह सुनहरा मौका है। जिन विद्यार्थियों को दाखिला लेना है वे 10 नवंबर तक अपना दाखिला करवा सकते हैं। इसके बाद शेष सीटों को फिजिकल काउंसिलिंग के तहत भरा जाएगा।
मेरिट लिस्ट में चयनित विद्यार्थियों का कहना है कि सरकारी अवकाश होने के कारण हमें फीस जमा कराने में परेशानी हो रही है। 7 नवंबर तक कॉलेज बंद होने के कारण तीन दिन शेष रहने से विद्यार्थियों की भीड़ उमड़ेगी। इस दौरान कुछ परेशानी झेलनी पडे़गी। इसके अलावा हमारे दस्तावेजों में जो गलतियां है उन्हें ठीक कराने का समय बहुत कम है।
यूजी की ऑफलाइन कक्षाएं शुरू
कॉलेजों में यूजी कोर्सेज की ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं, जिसमें 8 नवंबर से पूरी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रहेगी। विद्यार्थियों को कोरोना के मानकों को पूरा करना होगा। सामाजिक दूरी के नियम के साथ कक्षाएं लगाई जाएंगी। पीजी कोर्सेज की कक्षाएं 15 नवंबर के बाद शुरू होने की उम्मीद है।
दाखिले की तारीख बढ़ाने की अभी तक हमारे पास कोई गाइडलाइन नहीं आई है। फिलहाल 10 नवंबर तक फीस जमा कराकर विद्यार्थी दाखिले ले सकते हैं। फीस जमा कराने के लिए तीन दिन का समय काफी है। इसके बाद 12 नवंबर को फिजिकल काउंसिलिंग कर विद्यार्थियों को दाखिला किया जाएगा। - राजेश कुमार, एडमिशन नोडल ऑफिसर, जाट कॉलेज, हिसार