फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिकार के शक में व्यापारी की पीट-पीटकर हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
गांव कालवास में बृहस्पतिवार को 15-20 ग्रामीणों ने गांव गंगवा निवासी भूसा व्यापारी राजबीर की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि उसके साथी को बुरी तरह घायल कर दिया। दोनों व्यापारियों को करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर तब तक पीटा गया जब तक एक की मौत न हो गई।
विज्ञापन


मौत होने के बाद आरोपी घायल को छोड़कर मौके से फरार हो गए। गांव के सरपंच ने पुलिस की मदद से घायल को अस्पताल में पहुंचाया। सरपंच का कहना है कि ग्रामीणों ने शिकारी होने के शक में दोनों को पकड़ा था। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। वहीं, पीड़ित पक्ष के लोगों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के रोषस्वरूप करीब चार घंटे तक पोस्टमार्टम रुकवाए रखा।

सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन बहमन निवासी रामअवतार ने बताया कि वह और उसकी बुआ का बेटा राजबीर उर्फ राजा (40) तूड़ी (गेहूं का भूसा) खरीदने और बेचने का काम करते हैं। बृहस्पतिवार को भी दोनों मोटरसाइकिल लेकर गांव कालवास में तूड़ी का पता करने के लिए गए थे। दोपहर करीबन एक बजे का वक्त था और वे गांव की रेलवे लाइन के साथ-साथ जा रहे थे। तभी रेलवे लाइन के साथ लगती ढाणी से तीन-चार लोग आए। उनमें से एक ने डंडा फेंककर मारा, जिससे उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया।
विज्ञापन


वह जमीन पर गिर पडे़। रामअवतार ने आरोप लगाते हुए कहा कि विनोद, अनिल, अमर सिंह और एक  अन्य के पास डंडे, लोहे की राड और बिजली के  तार थे, जिनसे उन्होंने मारना शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने भी उन्हीं का साथ देते हुए हमारे हाथ बांध दिए। गांव के जोहड़ पर बने सती माता मंदिर में ले गए। जहां पर सभी ने करीबन तीन घंटे तक उनके साथ मारपीट की। पिटाई के दौरान राजबीर की मौके पर ही मौत हो गई। राजबीर की मौत का पता चलते ही सभी लोग वहां से फरार गए। गांव के सरपंच अपने साथ पुलिस को लेेकर आए। घायल रामअवतार को पुलिस ने सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

तीन घंटे तक बंधक बनाकर बुरी तरह से पीटा
जीव हत्या के शक में दोनों व्यक्तियों को गांव के लोगों ने तीन घंटे तक सती माता के मंदिर में बंधक बनाए रखा। इस दौरान लगातार उनके साथ मारपीट होती रही। घायल रामवतार ने बताया कि चार लोग लगातार पीट रहे थे जबकि गांव के 15 से 20 लोग भी बीच बीच में मारपीट कर रहे थे। किसी ने भी हमें बचाने का प्रयास नहीं किया।
 
पांच बच्चों के सिर से उठा बाप का साया
राजबीर के परिजनों ने बताया कि राजबीर शादीशुदा था और उसके पांच बच्चे थे। वह घर में अकेला ही कमाने वाला था। राजबीर ही तूड़ी का कारोबार करता था और घर चलाता था। गेहूं के सीजन के खत्म होने पर मजदूरी करता था। ऐसे में उसकी मौत के साथ ही उसके परिवार के सामने भूखों मरने की नौबत आ गई है।

सरपंच ने कहा, जीव हत्या के शक में हुई मारपीट
गांव कालवास के सरपंच बनवारी सुथार ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह किसी काम से हिसार आए हुए थे। दोपहर के समय गांव के किसी व्यक्ति ने मुझे फोन पर सूचना दी कि गांव के लोगों ने सांडा (गिलहरी जितना छोटा जीव) को मारने वाले दो लोगों को पकड़ रखा है। दोनों के साथ बुरी तरह से मारपीट भी हुई है। मारपीट की सूचना मिलने के साथ ही आजाद नगर चौकी से पुलिस को साथ लेकर वे जोहड़ के पास बने सती माता के मंदिर पहुंचे। वहां पर देखा कि एक व्यक्ति मृत पड़ा हुआ है और एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।

वहां पर थैले में तीन चार सांडे भी मिले थे, परंतु वहां पर गांव का कोई व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस ने दोनों को निजी वाहन से सामान्य अस्पताल पहुंचाया। सरपंच ने बताया कि मेरी जानकारी के अनुसार गांव के ही कुछ लोगों ने जीव हत्या करने को लेकर उन दोनों के साथ बुरी तरह मारपीट की है। पुलिस कार्रवाई करते हुए एक आरोपी  को पकड़ लिया है।

उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, मांगी मदद
गांव गंगवा निवासी राजबीर की हत्या के मामले में गंगवा गांव की पंचायत के साथ-साथ विभिन्न दलित संगठन उपायुक्त से मिले। उन्होंने सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने और सख्त सजा दिलवाने की मांग की। उन्होंने मांग की कि मृतक के परिवार को प्रशासन की ओर से आर्थिक मदद दी जाए।

विसरा जांच के लिए भेजा
डाक्टर मेहता ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद राजबीर का विसरा लैब में जांच के लिए भेज दिया है। इसके बाद ही पता लगेगा कि हत्या का मुख्य कारण क्या था।

सामान्य अस्पताल में चार घंटे रुका रहा पोस्टमार्टम
वारदात की सूचना मिलने के साथ शुक्रवार को गांव गंगवा से मृतक और घायल दोनों व्यक्तियों के परिजन सामान्य अस्पताल पहुंचे। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग एकत्र हुए और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तुरंत गिरफ्तार किए जाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा। सभी लोगों को शांत करने के लिए सदर पुलिस थाना प्रभारी कपिल सामान्य अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार और अन्य लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनके आश्वासन के बाद पीड़ित परिवार ने पोस्टमार्टम शुरू करवाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें