बड़ी संख्या में लोगों के पासपोर्ट आवेदन से चूक जाने की खबर के बाद रीजनल पासपोर्ट ऑफिस ने पासपोर्ट मेले की लिमिट को दोगुना कर दिया है। अब पासपोर्ट मेला दो की बजाए चार दिन होगा, जिसमें रोजाना 350 पासपोर्ट बनाए जाएंगे। पासपोर्ट की ऑनलाइन एप्वाइंटमेंट के लिए शनिवार सुबह 11 बजे तथा रविवार 11 बजे से फिर मौका मिलेगा।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी चंडीगढ़ राकेश अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि लोगों के उत्साह को देखते हुए पासपोर्ट मेले को दो की बजाए चार दिन कर दिया गया है। 14 जनवरी के पासपोर्ट मेले के लिए 11 जनवरी को ऑनलाइन एप्वाइंटमेंट लेना था, जिसमें भारी संख्या में लोगों ने क्लिक किया। बड़ी संख्या में लोग एप्वाइंटमेंट से चूक गए थे। इस कारण पासपोर्ट मेले को दो की बजाए 4 दिन के लिए कर दिया है। 14, 15, 16, 17 जनवरी को पासपोर्ट मेला होगा। पासपोर्ट मेला सुबह 9 बजे से शुरू होगा। लघु सचिवालय के पिछले हिस्से में बने बीडीपीओ कार्यालय में यह मेला होगा। पासपोर्ट मेले के लिए अंबाला व चंडीगढ़ के 16 लोगों की टीम काम करेगी। रोजाना 350 लोगों के पासपोर्ट बनाए जाएंगे। चार दिन में करीब 1400 तक पासपोर्ट बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर एसडीएम अशोक कुमार बंसल, सीटीएम सरजीत नैन, नायब तहसीलदार हरकेश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
पासपोर्ट के लिए यह आवेदन चाहिए
जन्म तिथि के लिए 9 प्रमाण में से कोई एक
- जन्म प्रमाण पत्र, दसवीं का सर्टिफिकेट, जीवन बीमा निगम, पेंशन संबंधी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कोर्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, अनाथालय की ओर से जारी जन्म प्रमाण पत्र
रिहायश प्रमाण पत्र के लिए 12 में से एक
पानी, बिजली, टेलीफोन बिल, आयकर, निर्वाचन आयोग, गैस कनेक्शन, प्रतिष्ठित रोजगार संस्थान, अभिभावक के पासपोर्ट की प्रति, आधार कार्ड, रजिस्टर्ड रेंट एग्रीमेंट, बैंक पास बुक।
सरकारी कर्मचारी के लिए
अपने विभाग को पासपोर्ट बनवाने से संबंधित सूचना मुख्यालय भेजना आवश्यक है। सरकारी कर्मचारी को विभाग की ओर से जारी आईकार्ड प्रस्तुत करना होगा।
शनिवार-रविवार को ऑनलाइन एप्वाइंटमेंट का मौका
16 व 17 जनवरी के लिए क्रमश: 14 व 15 जनवरी को प्रात: 11 बजे से www.passportindia.gov.in की वेबसाइट पर जाकर अपना आवेदन कर सकते हैं। नए पासपोर्ट की फीस 1500 रुपये निर्धारित है। फीस केवल ऑनलाइन माध्यम से ही प्राप्त की जाएगी।
अमर उजाला ने उठाया मुद्दा
ऑनलाइन एप्वाइंटमेंट के लिए 11 जनवरी को सुबह 11 बजे हिसार का ऑप्शन खुला था। महज 56 सेकेंड में ही लिमिट पूरी हो गई थी, जिसमें हजारों लोगों को मायूसी मिली थी। अमर उजाला ने इस समाचार को विस्तार से प्रकाशित किया। अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए पासपोर्ट मेले को दो से बढ़ाकर चार दिन कर दिया। वहीं पासपोर्ट बनाने की संख्या को भी 500 से बढ़ाकर 1400 तक कर दिया।