हांसी। जिले में अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत पुलिस अब तक 258 जघन्य अपराधियों की चेकिंग कर चुकी है। अभियान के दौरान 14 नई हिस्ट्रीशीट खोली गई हैं और 84 हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग की गई है। पुलिस बदमाशों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर रख रही है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि अभियान के तहत अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों पर नजर रखने के साथ उनकी आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीमें बदमाशों के वर्तमान पते, गतिविधियों और आपराधिक प्रवृत्ति के संबंध में जानकारी एकत्र कर रही हैं। इसका उद्देश्य किसी भी आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोकना है।
अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिले के महत्वपूर्ण स्थानों और सार्वजनिक क्षेत्रों में कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अपराधियों की चेकिंग के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी लगातार नजर रख रही है। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाना है।