हिसार। शहर के एयरपोर्ट चौक से बरवाला चुंगी तक बरसाती नाले के निर्माण का टेंडर खुल गया है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के अधिकारियों ने टेंडर अलॉटमेंट के लिए मुख्यालय से अनुमति मांगी है। अनुमति मिलने के साथ एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा। इसके साथ ही एजेंसी निर्माण कार्य शुरू कर देगी। निर्माण कार्य अब चार माह में पूरा करना होगा।
बता दें कि एचएसवीपी की तरफ से सेक्टर 1-4 से बरवाला चुंगी तक बरसाती नाले का निर्माण किया जाना प्रस्तावित था, जिस पर करीब 13.50 करोड़ रुपये की लागत आनी थी। विभाग ने सेक्टर 1-4 से एयरपोर्ट चौक तक बरसाती नाले का निर्माण कर दिया। मगर एयरपोर्ट चौक से बरवाला चुंगी तक बरसाती नाले का निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हो सका है।
बरसाती मौसम से पहले बनकर तैयार हो जाएगा नाला
पहले इस बरसाती नाले को छह माह में तैयार किया जाना प्रस्तातिव था। मगर अब इस अवधि को घटाकर चार माह कर दिया गया है। इस हिसाब से अगर एजेंसी फरवरी में भी नाले का निर्माण कार्य शुरू करती है तो यह नाला मई में बनकर तैयार हो जाएगा। शहर में मानसून एक जुलाई के बाद ही पहुंचता है।
बरसाती नाले के निर्माण में आईं काफी अड़चनें
इस बरसाती नाले के निर्माण में काफी अड़चनें आईं। सबसे पहली अड़चन एनएचएआई की अनुमति मिलना रही। चूंकि यह बरसाती नाला नेशनल हाईवे के साथ-साथ बनाया जाना है तो इसके लिए एनएचआई की अनुमति की जरूरत पड़ी। इसके लिए एचएसवीपी ने जून 2013 में अनुमति मांगी, जो जुलाई 2019 में मिली। जिस जमीन पर यह नाला बनाया जाना है, वह जमीन राजकीय पशुधन फार्म की थी। वर्ष 2020 की शुरुआत में एचएसवीपी को 0.50 एकड़ जमीन मिली। इसी बीच इसकी डीएनआईटी भी मंजूर हो गई। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सिर्फ टेंडर लगाना ही बाकी थी। मगर तब तक एस्टीमेट की पांच साल की तय समय सीमा पूरी हो गई। इसके बाद दोबारा से एस्टीमेट मंजूरी के लिए फाइल मुख्यालय भेजी गई। एक साल से ज्यादा समय तक एस्टीमेट को मंजूरी नहीं मिली। पिछले वर्ष के आखिर में एस्टीमेट को दोबारा मंजूरी मिली, जिसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई।
इन क्षेत्रों को होगा फायदा
इस बरसाती नाले के बनने से सेक्टर 1-4, सेक्टर 3-5, मिल गेट, व मेला ग्राउंड सेक्टर को फायदा होगा।
बरसाती नाले का टेंडर ओपन कर दिया है। मुख्यालय की तरफ से टेंडर अलॉटमेंट करने के साथ ही एजेंसी काम शुरू कर देगी। - भूपेंद्र सिंह, एक्सईएन, बीएंडआर