हरियाणा के हिसार में गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (जीजेयू) की ऑनलाइन परीक्षा का वी-बॉक्स पोर्टल परीक्षा के पहले दिन ही फेल हो गया। मंगलवार को जीजेयू से संबद्घ महाविद्यालयों व कैंपस के विद्यार्थियों की परीक्षाएं शुरू हुई। ऑफलाइन परीक्षा तो सही तरीके से संपन्न हुई लेकिन ऑनलाइन परीक्षा पोर्टल पूरा दिन परीक्षार्थियों के लिए परेशानी का सबब बना। ऑनलाइन परीक्षा देने वाले अधिकतर परीक्षार्थियों का दो-दो घंटे तक लिंक ओपन नहीं हुआ व न ही उनकी आईडी लॉग इन हो पाई, जिस कारण वह परीक्षा से वंचित रह गए। कॉलेज-यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों की परीक्षा ठेकेदारी प्रथा की भेंट चढ़ गई।
शाम 2-5 बजे के सत्र में मेरा पेपर था। करीब आधा घंटा तक तो आईडी ही लॉग इन नहीं हुई। लॉग इन के बाद अपने-अपने ऑग आउट हो गया। पेपर पूरा होने के बाद उत्तरपुस्तिका की समय पर पीडीएफ सबमिट नहीं हुई। - सतीश गिल, छात्र एमए अंग्रेजी
प्रश्न को पांच बार अपलोड करना पड़ा। उत्तरपुस्तिका की पीडीएफ भी सबमिट नहीं हुई। पोर्टल रुक-रुक कर चल रहा था। लॉग इन से लेकर एग्जाम सबमिट पूरा करने तक परेशानी रही। हेल्पलाइन नंबर से भी किसी प्रकार की मदद नहीं मिली। -विनय कुमार, परीक्षार्थी
ऑनलाइन परीक्षा पोर्टल पर विद्यार्थियों ने अनेक प्रकार की परेशानियां हुई। वीबॉक्स पोर्टल से परीक्षार्थियों को मोबाइल तक हेंग हो गए। परीक्षा शुरू होने से पहले दो-दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। बाद में पीडीएफ भी समय पर सबमिट नहीं हुई। - शुभम पूनिया, विद्यार्थी, जाट कॉलेज
जीजेयू का ऑनलाइन परीक्षा करवाने का पोर्टल पूरी तरह फ्लॉप रहा। परीक्षा में विद्यार्थी 3 घंटे परेशान रहे। बड़ी ही विडंबना की बात है कि जीजेयू टैक्निकल यूनिवर्सिटी होने के बाद भी खुद का पोर्टल तक नहीं बना सकी। विद्यार्थियों के भविष्य को ठेके पर दिया जा रहा है। इस वी बॉक्स पोर्टल से जीजेयू को करोड़ों की आमदनी हुई है। व विद्यार्थियों को परेशानी हुई। हेल्पलाइन नंबर से भी मदद नहीं मिली। - हरिंद्र बेनीवाल, चेयरमैन, इनसो जीजेयू
जीजेयू का ऑनलाइन परीक्षा सिस्टम पूरी तरह से फेल रहा है। दो-दो घंटे तक परीक्षा का लिंक ओपन नहीं हुआ। विद्यार्थियों को काफी परेशानी हुई। कई विद्यार्थी तो परीक्षा ही नहीं दे पाए। मेरे पास जाट कॉलेज के छात्र मंदीप सांगवान, सिखा, आदमपुर कॉलेज के राहुल व सचिन का फोन आया, उन्होंने बताया कि उनकी परीक्षा काफी देरी से शुरू हुई व बाद में उत्तरपुस्तिका सबमिट नहीं हो पाई। - अज्जु घनघस, इनसो जिलाध्यक्ष हिसार
महाविद्यालयों की परीक्षाएं आरंभ हो गई हैं। परीक्षाएं निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से हुई हैं। ऑनलाइन परीक्षा संचालन का निरीक्षण किया। कहीं किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की सुविधानुसार सुचारु ढंग से परीक्षाएं करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए विश्वविद्यालय ने पूरी तैयारियां की हैं। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए परीक्षाओं का संचालन कर रहा है। - प्रो. अवनीश वर्मा, कुलसचिव जीजेयू
ऑनलाइन परीक्षा में 3100 से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा का संचालन सुचारु रूप से हुआ। परीक्षा के सफल संचालन के लिए पूरी तैयारियां हैं। - प्रो. यशपाल सिंगला, परीक्षा नियंत्र, जीजेयू हिसार