गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा विभाग में ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। कोई भी उम्मीदवार ऑनलाइन कोर्सों बीकॉम, एमबीए मार्केटिंग और एमबीए एचआर में दाखिले के लिए 30 अप्रैल तक आवेदन कर सकेगा। विद्यार्थी इन कोर्सों में दाखिला लेकर घर बैठे ऑनलाइन कक्षाएं लगाते हुए डिग्री हासिल कर सकेंगे। बता दें कि गुजवि का दूरस्थ शिक्षा विभाग प्रदेश का पहला संस्थान है जो ऑनलाइन कोर्स शुरू कर रहा है।
दाखिले से डिग्री तक सब कुछ ऑनलाइन
विभाग के निदेशक प्रो. ओपी सांगवान ने बताया कि कोर्स से संबंधित हर सहायता ऑनलाइन होगी। ऑनलाइन कोर्स करने के लिए विद्यार्थियों के दाखिले से लेकर उनकी पढ़ाई तक सब कुछ ऑनलाइन होगा। उन्हें पढ़ने के लिए किताबें नहीं मिलेंगी, बल्कि ई-कंटेंट दिया जाएगा। ऑनलाइन कक्षाएं लगेंगी, जो एक कोर्स की 20 घंटे की होंगी। कोर्स करने वाले विद्यार्थियों को अपना असाइनमेंट ऑनलाइन ही जमा करवाना होगा और शिक्षक उनका मूल्यांकन भी ऑनलाइन करेंगे।