एचएयू में चल रही 7वीं अखिल भारतीय छाजूराम मेमोरियल नेशनल वॉलीबाल प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में ओएनजीसी, देहरादून की टीम ने भारतीय रेलवे जयपुर की टीम को 3-0 से करारी शिकस्त दी। ओनजीसी ने शुरुआती तीनों सेट 25-13, 25-19, 25-20 से जीतकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। वहीं जयपुर रेलवे के खिलाड़ी अमित कुमार को शानदार प्रदर्शन के लिए प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। महिला वर्ग में डब्ल्यूवीसी, जींद की टीम विजयी रही। डब्ल्यूवीसी जींद ने एनएडीआईएडी गुजरात को 25-18, 25-23 से पराजित करके चैंपियनशिप जीत ली। महिला वर्ग में एनएडीआईएडी, गुजरात टीम की खिलाड़ी किंजल को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. केपी सिंह ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली टीमों का धन्यवाद करते हुए कहा कि खेल के इस शानदार प्रदर्शन से स्थानीय युवा खिलाड़ियों को बहुत प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि इस विवि में विज्ञान के साथ ही खेलों में भी देश को बहुत कुछ देने कि क्षमता है। अब यह प्रतियोगिता नियमित रूप से आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता का आयोजन हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण निदेशालय ने किया था, जिसमें देशभर से पुरुषों की दस तथा महिलाओं की चार टीमों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि कुलपति ने केपी सिंह ने विजेता टीमों तथा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। पुरस्कार वितरण समारोह में मिलिट्री स्टेशन, हिसार के जीओसी मेजर जनरल राजपाल पूनियां विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह को छात्र कल्याण निदेशक डॉ. डीपी नांदल तथा डॉ. आरके ननवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विवि के विभिन्न कॉलेजों के डीन, डायरेक्टर, शिक्षक तथा खेल प्रेमी उपस्थित थे।
विजेता टीम को एक लाख का इनाम
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में विजेता रही ओएनजीसी की टीम को 1 लाख रुपसे की राशि पुरस्कार स्वरूप दी गई। उपविजेता जयपुर रेलवे टीम को 75 हजार रुपये मिले। वहीं महिला वर्ग में प्रथम विजेता टीम को 31 हजार रुपये व उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये की राशि पुरस्कार के रूप में प्रदान की गयी। कार्यक्रम में उपस्थित वॉलीबाल के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों डॉ. दलेल सिंह, राज सिंह, दुलीचंद, रामकुमार आदि को भी सम्मानित किया गया।