तंवर फार्म हाउस पर मिर्चपुर के लोगों से मिलने पहुंचे लोकतंत्र सुरक्षा मंच के कार्यकारी अध्यक्ष एवं छछरौली के पूर्व एमएलए रोशनलाल आर्य ने आरोप लगाया है कि जाट समाज के लोग किसी भी पार्टी में हो सभी ने सिर जोड़कर बाकी सभी को समाप्त करने का इरादा कर लिया है। मिर्चपुर हलका मंत्री कैप्टन अभिमन्यु का है। उन्होंने कहा कि विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि यहां पहला अटैक भूपेंद्र हुड्डा की साजिश से हुआ और दूसरा अटैक कैप्टन अभिमन्यु की साजिश से। जो व्यक्ति जातिगत हितों के लिए काम करते हैं उन्हें मंत्री रहने का कोई अधिकार नहीं। मैं इस मामले को लेकर राज्यपाल से दरख्वास्त करूंगा कि कैप्टन को तुरंत प्रभाव से मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें और मिर्चपुर के लोगों का पुनर्वास के लिए व्यवस्था की जाए।
हुडडा ने गरीबों को जमीन देने की बजाए वकीलों को दिए 60 करोड़
हुड्डा ने मिर्चपुर के गरीबों को जमीन देने अथवा पुनर्वास करने की बजाए उन्हें मारने के लिए वकीलों पर 60 करोड़ खर्च कर दिए। पहले हम गैर जाट संगठन मंच से लड़े कि दलितों के जीने का अधिकार न छीना जाए अब लोकतंत्र सुरक्षा मंच से संघर्ष कर रहे हैं। इसको लेकर हम हिसार से लेकर दिल्ली तक लंबा मार्च करेंगे। लाखों लोग दुनिया के सामने जाएंगे। पूरे देश को ऐसे लोकतंत्र के बारे में बताएंगे। लोकतंत्र को हम कुचलने नहीं देंगे न ही हाईजैक करने देंगे।
मुख्यमंत्री को हटाने के लिए लड़ रहे हैं गुरिल्ला युद्ध
पूर्व विधायक ने कहा कि आरक्षण के नाम पर ये लोग गैर जाट मुख्यमंत्री को हटाने के लिए गुरिल्ला युद्ध कर रहे हैं। ये लोग प्रदेश का माहौल खराब कर रहे हैं। समझ नहीं आ रहा कि एक पहलवान को कमजोर क्यों घोषित करना चाहते हो। सेना के अंदर इनकी रेजिमेंट है। मगर ये लोग कमजोर हाथ को भी खाना चाहते हैं। अपनी बात रखें लोकतांत्रिक ढंग से रखें। जो आदमी पुलिस से संघर्ष करते हुए मारे गए, उन्हें नौकरी दी जा रही है ऐसे में तो यहां मारकाट के कोचिंग सेंटर खुल जाएंगे।
इनेलो, बीजेपी नेता बताएं पार्टी पहले या देश
अभय चौटाला व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इनेलो व बीजेपी के नेता से पूछना चाहता हूं कि पार्टी पहले है या देश पहले। कांग्रेस ने बीरेंद्र सिंह को 40 साल में कभी पद नहीं दिया। अब वे धरने का समर्थन कर रहे हैं। ये लोग लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं तो लोकतांत्रिक प्रणाली से चलें। मोदी जी से प्रार्थना करूंगा कि वे मनोहर लाल को भी अनुभव दें आज उनकी कार्यशैली में सुधार की जरूरत है। जल्दबाजी में जो कदम उठा रहे हैं उन पर दोबारा विचार करें।
मलिक के पास ठग की डिग्री, हुड्डा का बताया एजेंट
पूर्व विधायक रोशनलाल आर्य ने कहा कि हवासिंह सांगवान ने ही कहा है कि यशपाल मलिक बहुत बड़े ठग हैं। इनके पास ठग की डिग्री है। वहीं भड़काने के आरोपों को उन्होंने निराधार बताया। आर्य ने कहा कि न सांसद सैनी ने ना मैंने ना ही वेदपाल तंवर ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया जिसमें कोई भड़काने की बात हो। हां जब दंगा हुआ उसके बाद मैंने ये बात जरूर कही थी कि ऐसे लोगों का समाज में बहिष्कार करना चाहिए। हम आरक्षण की उसी लाइन को सपोर्ट करते हैं जो संविधान में व्यवस्था है। हम अलग कोई लाइन नहीं बनाना चाहते। हम शांति स्थापना करना चाहते हैं। आर्य ने कहा कि यशपाल मलिक बेपेंदी का लोटा है। हुड्डा का एजेंट हैं। हुड्डा को दोबारा सत्ता में लाने के लिए वह गुरिल्ला युद्ध लड़ रहा है। हम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व उसके बेटे को रोहतक में ही पराजित करेंगे। इस मौके पर लोकतंत्र मंच के प्रदेश संयोजक हनुमान वर्मा, वेदपाल तंवर, आशा चोपड़ा, गीता आहुजा, विजय लक्ष्मी, देवेंद्र वर्मा सहित मिर्चपुर के पीड़ित मौजूद थे।