रोड़ी (सिरसा)। साली की शादी पक्की कर पंजाब से रतिया से लौट रहे एक परिवार की गाड़ी रोड़ी क्षेत्र के गांव सुरतिया के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार सवार 6 लोगों में से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
रतिया निवासी सिकंदर सोनी का परिवार पंजाब के बठिंडा में बेटे सुनील की साली की शादी पक्की कर लौट रहा था। गाड़ी को सुनील चला रहा था। गाड़ी में सुनील की मां आशा रानी, पत्नी सुनीता, सास बबली, साला बबलू व 10 वर्षीय बच्ची सहित छह लोग सवार थे। गाड़ी जब गांव सुरतिया के निकट नहर पुल के एक मोड़ सुनील गाड़ी से संतुलन खो बैठा। इस दौरान गाड़ी सड़क से नीचे उतरकर गड्ढों में कई पलटेे खा गई। दुर्घटना में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। यहां करीब 55 वर्षीय आशा रानी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना के बाद रोड़ी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना का जायजा लिया। एसआई चंदन सिंह ने बताया कि पुलिस ने सुनील के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई दर्ज की है।