हिसार। रामपुरा मोहल्ला में गत देर रात 15-20 लोग एक घर के अंदर घुस गए। मकान मालिक और उनके परिवार के साथ मारपीट की और डेढ़ लाख रुपये की नकदी छीन कर फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बारे में घायल भारत भूषण ने एचटीएम पुलिस थाना में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ घर मे घुसकर मारपीट, चोरी और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में भारत भूषण का कहना है कि मैं व्यापार करता हूं। गत रात को साढ़े नौ बजे कार लेकर घर पहुंचा था। घर के सामने एक बाइक खड़ी थी और बाइक का मालिक वहीं पर शराब पी रहा था। जब उसे बाइक हटाने की बात कहीं तो उसने लड़ाई झगड़ा करना शुरू कर दिया। बाद में वह धमकी देने के बाद चला गया। कुछ देर बाद वही व्यक्ति अपने 15-20 लोगों को लेकर घर के अंदर घुस आया। आरोप है कि हमलावरों ने मेरे और मेरे परिवार के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इसी दौरान एक हमलावर मेरा बैग लेकर भाग गया जिसमें डेढ़ लाख रुपये की नकदी थी। बाद में 112 पर डायल किया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल आरंभ की। संवाद