हिसार। स्कूल सुरक्षित वाहन पॉलिसी की धज्जियां उड़ाने वाले निजी स्कूल वाहनों पर बुधवार को हिसार पुलिस की सख्ती नजर आई। पुलिस की विभिन्न टीमों ने शहर के मुख्य चौक चौराहों पर विशेेष अभियान चलाकर नियमों को तोड़ने वाले निजी स्कूल वाहनों के चालान काटे।
एसई बंसीलाल ने बताया कि मटका चौक के पास पुलिस टीम ने निजी स्कूल बसों की चेकिंग की। चेकिंग में सामने आया कि बसों में लगे फर्स्ट एड बॉक्स में दवा नहीं, सीसीटीवी कैमरे खराब मिले। वहीं वाहनों में लगे अग्निशमन यंत्र एक्सपायरी डेट के मिलने से शोपीस नजर आए। आर्य नगर रोड स्थित एक निजी स्कूल की बस में वर्ष 2021 डेडलाइन का अग्निशमन यंत्र लगा मिला। वहीं कैमरी रोड स्थित एक निजी स्कूल की बस में वर्ष 2016 की डेडलाइन का अग्निशमन यंत्र लगा था। ऐसी लापरवाही मिलने पर पुलिस ने वाहनों का चालान किया।
हैरानी की बात यह है कि जिला प्रशासन के आदेशों के बाद भी शहर के निजी स्कूलों के वाहन सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के नियमों को पूरा नहीं कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने 3 मई को हुई बैठक में जिले सभी निजी स्कूल संचालकों को वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज पूरे करने व अन्य आवश्यक व्यवस्था पूरी करने के लिए 15 दिन का समय दिया था। 15 दिन बीत जाने के बाद भी कुछ नामी निजी स्कूलों के वाहन नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए शहर की सड़कों पर दौड़ते नजर आए।
अमर उजाला ने चलाया था अभियान
गौरतलब है कि अमर उजाला समाचार पत्र ने निजी स्कूल वाहनों की स्थित को लेकर विशेष अभियान चलाया था व 27 अप्रैल, 28 अप्रैल व 30 अप्रैल और 1 मई निजी स्कूल वाहनों की स्थित पर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए थे। अमर उजाला द्वारा मुद्दा उठाने के लिए हिसार एसपी लोकेंद्र सिंह ने 3 मई को जिला शिक्षा विभाग, निजी स्कूल संचालकों व पुलिस अधिकारियों की बैठक ली थी। बैठक में उन्होंने निजी स्कूल संचालकों को सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी को पूरा करने के सख्त आदेश दिए थे।
यहां-यहां चला अभियान
हिसार शहर ट्रैफिक पुलिस की विभिन्न टीमों ने मटका चौक, आईजी चौक, कैंप चौक पर निजी स्कूल वाहनों की चेकिंग का विशेष अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान नियमों पर खरा न उतरे वाले व सभी दस्तावज न दिखाने वाले वाहनों के चालान काटे। पुलिस कर्मचारियों ने बताया कि अगले कई दिनों से यह अभियान जारी रहेगा। गाइडलाइन के तहत स्कूली वाहन में सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस सिस्टम, मेडिकल किट व दो दरवाजे लगाए जाना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा स्कूल वाहनों पर पीला रंग, स्कूल का नाम, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 लिखा होना चाहिए। इसके विपरीत शहर में कई निजी स्कूलों में खटारा बसें व वैन चल रही हैं, जिससे बच्चों की जान को खतरा है।
सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के नियमों को पूरा न करने वाले निजी स्कूल वाहनों के चालान काटे हैं। शहर में कई जगह पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाकर वाहनों की चेकिंग की है। मेरा सभी स्कूल संचालकों से यही कहना है कि वह ट्रैफिक गाइडलाइन का पालन करें, वे अपने वाहनों के जरूरी डॉक्यूमेंट व अन्य व्यवस्था पूरी करें।
- इंस्पेक्टर विनोद कुुुमार, ट्रैफिक एसएचओ हिसार
स्कूल बस में लगा अग्निशमन यंत्र भी मिला एक्सपायरी डेट का, तारीख की जांच करते ट्रैफिक पुलिस कर्मी ?- फोटो : Hisar
हिसार -स्कूल बस के चालान करती ट्रैफिक पुलिस की टीम। संवाद- फोटो : Hisar