हिसार। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड व शिक्षा विभाग द्वारा रविवार को आयोजित एनएमएमएस छात्रवृत्ति की परीक्षा के दौरान अनेक स्कूल मुखियाओं की लापरवाही सामने आई हैं। परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को स्कूल मुखिया की ओर से रोल नंबर का रंगीन प्रिंट आउट निकालकर देना था, लेकिन कुछ स्कूल मुखियाओं ने ऐसा नहीं किया। विद्यार्थियों को रंगीन की जगह रोल नंबर का ब्लैक एंड व्हाइट प्रिंट आउट निकालकर दे दिया। वहीं दूसरी ओर परीक्षा केंद्र में रोल नंबर का रंगीन प्रिंट आउट लाना अनिवार्य था। परीक्षा के दौरान जब विद्यार्थी परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने लगे तो उनसे रोल नंबर का रंगीन प्रिंट आउट मांगा गया। रंगीन प्रिंट आउट न होने से विद्यार्थियों की पहचान करने व उनकी ऑनलाइन हाजिरी लगाने में परेशानी हुई। विद्यार्थियों के हित के लिए विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों की एंट्री करवाई। इसकी सूचना हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह को दी गई। डॉ. सिंह ने रंगीन प्रिंट आउट न देने वाले स्कूल मुखियाओं पर फटकार लगाते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही करने वाले स्कूल मुखियाओं को नोटिस थमाए जाएंगे व इस लापरवाही का कारण पूूछा जाएगा।
बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह ने रविवार को हिसार में एनएमएमएस परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा प्रदेश में नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (एनएमएमएस) की परीक्षा के लिए राज्य में 98 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।