सफाई होने के बाद आभार व्यक्त करने पहुंचे स्कूली बच्चे।
- फोटो : Hisar
सिवानी मंडी। शहर के प्राइमरी स्कूल समीप कूड़े के ढेर की सूचना मिलने पर मंगलवार को नप चेयरमैन सुरेश खटक मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पहले तो संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई, फिर मुहिम चलाकर सफाई करने के आदेश दिए। इसके बाद कर्मचारियों ने करीब आधे घंटे में एक ट्राली कचरा उठाया। एक दिन पहले जहां कूड़े के ढेर लगे थे कुछ समय बाद वहां सफाई नजर आई। बता दें कि इस बारे में अमर उजाला के मंगलवार के अंक में सरकार! इस ढेर से हमें मुक्ति दिला दो शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया था। इस दौरान बच्चों ने हाथ जोड़कर नगरपालिका और सरकार से समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई थी।
जीपीएस स्कूल के हेड मास्टर विजय पाल सिंह, राजेश कुमार रंगा, मास्टर धोलू राम, इंदर खटक ने बताया कि आसपास के लोगों द्वारा यहां कूड़ा इकट्ठा कर दिया जाता था। कूड़े के पास बेसहारा पशुओं का जमावड़ा जमा रहता था और हवा के साथ सारा कूड़ा नालियों में चला जाता था, जिससे नालियों का पानी सड़क पर आ जाता था जिससे जलभराव की समस्या हो रही थी।
शहर को स्वच्छ रखने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। कई बार जागरूकता की कमी के कारण लोग अनावश्यक रूप से कूड़ा का ढेर लगा रहे हैं। नियमों की अवहेलना करने वालों को चेतावनी दी जा रही है कि वे सख्त कदम उठाएंगे। - सुरेश खटक, नपा चेयरमैन
-क्षेत्रवासियों से कूड़ा का ढेर न लगाने के लिए अपील करते नपा चेयरमैन सुरेश खटक। संवाद- फोटो : Hisar