हिसार। सीआईए हिसार टीम ने हत्या व हत्या के प्रयास से संबंधित दो मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए टीम ने सात महीने से फरार चल रहे आरोपी सुरेंद्र निवासी सरहेड़ा को गिरफ्तार किया है।
सुरेंद्र 21 नवंबर 2024 को स्कोडा गाड़ी से मोटरसाइकिल सवार राकेश व उसके बेटे अनूप को टक्कर मारने की वारदात में शामिल था। इस टक्कर में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने मृतक के बेटे अनूप की शिकायत पर हत्या व अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात आपसी पारिवारिक जमीनी विवाद और पूर्व झगड़े की रंजिश के चलते की गई थी। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था और बार-बार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचता रहा। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सीआईए हिसार टीम ने एक अन्य कार्रवाई में घरेलू झगड़े के दौरान अपनी बहन पर जान से मारने की नीयत से हमला करने वाले आरोपी हिमांशु उर्फ मिट्ठू निवासी हिसार को गिरफ्तार किया है। 19 अप्रैल 2024 को आरोपी हिमांशु ने लोहे की रॉड से अपनी बहन पर हमला किया था। वारदात के बाद फरार हो गया था। फरारी के दौरान वह बठिंडा (पंजाब) की झुग्गियों में पहचान छुपाकर कबाड़ इकट्ठा करने का काम कर रहा था। तकनीकी निगरानी व गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए टीम ने उसे काबू किया। पूछताछ उपरांत आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। ब्यूरो