टीवी धारावाहिक तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम अभिनेत्री मुनमुन दत्ता उर्फ बबीता के खिलाफ नेशनल अलायंस फॉर अनुसूचित जाति ह्यूमन राइट्स के संयोजक रजत कलसन की शिकायत पर थाना शहर हांसी की पुलिस ने एक एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर सेक्शन 153ए, 295ए भारतीय दंड संहिता व अनुसूचित जाति व जनजाति अत्याचार अधिनियम के तहत दर्ज की गई है।
कानून विशेषज्ञों के अनुसार जिन धाराओं में मुनमुन दत्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है यह सभी धाराएं गैर जमानती हैं और इन धाराओं में अग्रिम जमानत का प्रावधान भी नहीं है । बता दें कि मुनमुन दत्ता ने इंस्टाग्राम की एक वल्गर सोसाइटी नाम के चैनल पर एक वीडियो डाली थी, जिसमें उनकी टिप्पणी को लेकर आपत्ति जताई गई है। इस मामले में रजत कलसन ने 11 मई को हांसी की पुलिस अधीक्षक को एक लिखित शिकायत व आरोपी मुनमुन दत्ता की वीडियो वाली सीडी प्रस्तुत की थी, जिस पर हांसी की पुलिस अधीक्षक निकिता गहलोत ने थाना शहर हांसी को एफआइआर दर्ज करने के आदेश दे दिए। वहीं शहर थाना प्रभारी दलवीर सिंह ने मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।