हिसार। मिलगेट के शिव नगर क्षेत्र में शनिवार को 42 वर्षीय सुमित के अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थी। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने अंतिम क्रिया को रुकवा दिया और शव को अपने कब्जे में ले लिया। कारण ये था कि सुमित की मौत के बाद उसकी मां ने नगारिक अस्पताल में हंगामा किया। सुमित की मां ने चीखते हुए कहा कि उसकी बेटे की बीमारी से मौत नहीं हुई। जिसके बाद में पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी अनुसार सुबह करीब छह बजे गंभीर हालत में शिव नगर निवासी 42 वर्षीय सुमित को नागरिक अस्पताल की आपातकालीन कक्ष में लाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि सुमित काफी समय से बीमार चल रहा था। वे शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते। चिकित्सक ने परिजनों से लिखवाया कि वे अपनी मर्जी से शव को बिना पोस्टर्माटम के लेकर जा रहे है। उसके बाद परिजन उसे घर ले गए और शव के अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। करीब सात बजे मृतक सुमित की मां 60 वर्षीय संतोष देवी जहरीला पदार्थ पीकर नागरिक अस्पताल पहुंची। इमरजेंसी में उसे लाया गया। वहां पर उसने हंगामा करना शुरू कर दिया। बार बार कहने लगी की उसके बेटे की बीमारी से मौत नहीं हुई है। ऐसे में चिकित्सक को शक हुआ और एचटीएम थाना पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद संतोष वहां से चली गई। पता चलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची वहां से जानकारी ली।
अंतिम संस्कार की रहे थे तैयारी
एचटीएम थाना पुलिस सूचना मिलने पर मृतक सुमित के घर पहुंची। जहां पर शव के अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थी। पुलिस ने अंतिम संस्कार की क्रिया को रूकवाया और शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में लेकर पहुंची। यहां पर शव का पोस्टर्माटम करवाया गया। उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक की मां संतोष के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
16 साल से था लकवाग्रस्त
जानकारी अनुसार शिव नगर निवासी सतबीर का सुमित इकलौता बेटा था। वह बस स्टैंड पर एसटीडी चलाता था। करीब 16 साल पहले वह लकवाग्रस्त हो गया। उसके बाद से लेकर आज तक वह बिस्तर पर था। उसके लगवाग्रस्त होने के बाद उसकी पत्नी सुमित्रा की मौत हो गई फिर 6 साल के बेटे की मौत हो गई थी।
बेटे की मौत के बाद सुधबुध खो बैठी मां
परिजनों ने बताया कि पहले सुमित लकवाग्रस्त हो गया। फिर उसकी पत्नी और बेटे की मौत हो गई। अब सुमित की मौत के बाद संतोष अपनी सुधबुध खो बैठी। ऐसे में उसने जहरीला पदार्थ भी निगल लिया और अस्पताल में हंगामा भी किया। कुछ समय बाद वह ठीक हो गई।
मां के किए बयान दर्ज
मृतक सुमित का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक की मां संतोष के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। उन्होंने बयान में कहा है कि बेटा बीमार चल रहा था जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
एसआई कुलबीर सिंह, एचटीएम थाना, हिसार