सिरसा से हिसार तक एमएसटी के प्रतिमाह 355 रुपये लगते थे, अब एमएसटी लागू नहीं होने पर यात्रियों को 3600 रुपये देने पड़ रहे हैं। किसान एक्सप्रेस में अभी तक एमएसटी नहीं लागू हुई है। टिकट भी रिजर्वेशन करवानी पड़ रही है। ट्रेन में कोरोनाकाल के समय से ही एमएसटी बंद है।
रेलवे की ओर से किसान एक्सप्रेस को छोड़कर लगभग सभी ट्रेनों में एमएसटी (मासिक सीजन टिकट) की सुविधा शुरू कर दी गई, मगर अभी तक किसान एक्सप्रेस में इस सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। इतना ही नहीं, इस ट्रेन में सफर करने के लिए पहले यात्री को टिकट भी रिजर्वेशन करवानी पड़ेगी।
विज्ञापन
कोरोना काल से पहले जहां एक ओर सिरसा से हिसार तक एमएसटी के प्रतिमाह मात्र 355 रुपये लगते थे, वहीं एमएसटी की सुविधा शुरू नहीं होने पर इस ट्रेन में सफर करने पर यात्रियों को प्रतिमाह 3600 रुपये देने पड़ रहे हैं। इससे उनकी जेब पर काफी असर पड़ रहा है। यात्रियों ने इस ट्रेन में एमएसटी की सुविधा शुरू करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि एमएसटी की सुविधा नहीं होने पर कई गुना किराया उन्हें देना पड़ रहा है।
बता दें, कि सिरसा से हिसार तक किसान एक्सप्रेस में एक तरफ की टिकट रिजर्वेशन करवाने पर 45 रुपये किराया लगता है। इसके अलावा रिजर्वेशन चार्ज के 15 रुपये लगते हैं। यदि कोई यात्री टिकट ऑनलाइन बुक करवाता है तो 17 रुपये और अतिरिक्त चार्ज लगता है। यानि सिरसा से हिसार तक टिकट ऑनलाइन बुक करवाने पर एक तरफ के 77 रुपये यात्री के लगेंगे।
सभी ट्रेनों में एमएसटी लागू की जा चुकी है मगर किसान एक्सप्रेस में एमएसटी तो दूर की बात है। इस ट्रेन में सफर करने के लिए पहले टिकट रिजर्वेशन करवानी पड़ती है। मैं रोजाना सिरसा से हिसार आता हूं। ऐसे में प्रतिमाह 3600 रुपये लगते हैं। जबकि पहले एमएसटी के मात्र 355 रुपये लगते थे। - मोहित बत्रा, यात्री
रोजाना सिरसा से हिसार सफर करना पड़ता है। एमएसटी लागू नहीं होने पर जहां एक ओर परेशानी होती है, वहीं किराया भी कई गुना ज्यादा लग रहा है। सिरसा से हिसार यात्रियों के अलावा विद्यार्थी हिसार पढ़ने पहुंचते हैं। कई कर्मचारी काम करने आते हैं। बावजूद इसके ट्रेन में अभी तक एमएसटी की सुविधा शुरू नहीं की गई। - सोनू सेतिया, यात्री
किसान एक्सप्रेस में रोजाना काफी यात्री सफर करते हैं। ऐसे में इस ट्रेन में भी एमएसटी की सुविधा शुरू होनी चाहिए। एमएसटी लागू नहीं होने पर यात्रियों को काफी किराया देना पड़ रहा है। अन्य ट्रेनों में यह सुविधा शुरू की जा चुकी है लेकिन अभी तक किसान एक्सप्रेस में क्यों शुरू नहीं हुई। - आदेश शर्मा, यात्री
अधिकतर ट्रेनों में एमएसटी लागू की जा चुकी है, मगर किसान एक्सप्रेस में अभी तक एमएसटी लागू करने को लेकर कोई पत्र नहीं आया है। उम्मीद है कि जल्द ही इस ट्रेन में भी एमएसटी की सुविधा शुरू होगी। - दीपचंद, चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर, रेलवे।