हिसार। सातरोड़ गांव के पास एक टैक्सी चालक को रुकवाकर दो युवक उसे हांसी ले गए और मोबाइल व पांच हजार की नकदी लूट ली। घटना के बाद चालक ने पुलिस को सूचना दी। सदर थाना पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद एक नामजद समेत दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में मूलरूप से यूपी के गांव पदमपुर के रहने वाले बृजेश कुमार ने बताया कि वह गुरुग्राम के राकेश की टैक्सी पर चालक है। 23 मार्च को गुरुग्राम से सवारियां लेकर हिसार आया था। यहां पहुंचने के बाद सवारियों को एक होटल पर उतरा दिया। उसके बाद टायर में पेंचर को लगवाने के लिए सातरोड़ गांव के लिए निकला। जैसे ही गांव के पास पहुंचा तो बाइक पर सवार दो युवक आए और गाड़ी को रोकने का इशारा किया। इसके बाद एक युवक बाइक से उतरा और चालक वाली सीट पर बैठ गया। इसके बाद टैक्सी में उसे बैठाकर हांसी की ओर ले गए। गाड़ी में बैठे युवक ने अपना नाम अनिल बताया और कहा कि वह फाइनेंसर है और इस गाड़ी की किस्त टूट गई है। इस पर उसने कहा कि गाड़ी की कोई किस्त नहीं है, इस पर युवक ने कहा ज्यादा बोला तो गोली मार दूंगा। फिर वह हांसी में एक चौहारे के पास ले गया और पांच हजार रुपये व मोबाइल छीन फरार हो गया। एएसआई मनमोहन सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर एक नामजद समेत दो के खिलाफ लूटपाट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।