हिसार। याशी कंपनी की तरफ से किए गए प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे में बड़े स्तर पर खामियां मिल रही हैं। सेक्टर 13 के सामुदायिक केंद्र में कंपनी की तरफ से लगाए गए हेल्प डेस्क पर मंगलवार को 100 से ज्यादा प्रॉपर्टी मालिकों ने असेसमेंट नोटिस में आई खामियों को लेकर आपत्ति जताई। इस दौरान 32 लोगों ने इन खामियों को दुरुस्त करवाने के लिए कंपनी प्रतिनिधि के पास कागजात जमा करवाए।
बता दें कि पार्षद अमित ग्रोवर की मांग पर मंगलवार को सेक्टर 13 में हेल्प डेस्क लगाया गया था। इस दौरान सुबह 10 से शाम 5 बजे लोग यहां सर्वे को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज करवाने पहुंचे।
200 गज के मकान को 102 गज का दिखाया
जयदेव नगर निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि उनका मकान 200 गज में बना हुआ है, लेकिन सर्वे में उसे 102 गज का दिखाया गया है। कंपनी ने बड़ी लापरवाही से इस सर्वे को किया है। अब कंपनी की जिम्मेदारी बनती है कि वह डोर टू डोर जाकर इन खामियों को दुरुस्त करे।
नाम में दर्ज की त्रुटि
जयदेव नगर निवासी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यह सर्वे कम पढ़े-लिखे लोगों से करवाया गया है। सर्वे में एक जगह नाम ठीक लिखा हुआ है, लेकिन दूसरी जगह गलत लिखा हुआ है। इस गलती को ठीक करवाने के लिए चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
किसी और व्यक्ति को दिखाया प्रॉपर्टी का मालिक
सेक्टर 16-17 निवासी कुलदीप ने बताया कि सर्वे में प्रॉपर्टी मालिक का नाम कुलबीर सिंह दिखाया गया है, जबकि मेरा नाम कुलदीप है। यह गलती कंपनी ने की है और परेशान मुझे होना पड़ रहा है।
मॉडल टाउन के दुकानदारों ने नोटिस लेने से किया इनकार
मॉडल टाउन के दुकानदारों ने असेसमेंट नोटिस लेने से इनकार कर दिया। दुकानदारों के मुताबिक कंपनी की तरफ से दिए जा रहे नोटिसों पर डेट ऑफ इश्यू 1 फरवरी थी। नियमानुसार नोटिस जारी करने के एक माह के अंदर ही प्रॉपर्टी मालिक उस पर आपत्ति दर्ज करवा सकता है। इस हिसाब से अब दुकानदार इन नोटिसों पर आपत्ति दर्ज नहीं करवा सकते थे। दुकानदार ने कंपनी के प्रतिनिधि से कहा कि वह इन नोटिसों पर नई डेट ऑफ इश्यू लिखकर लाए, तभी वह इन नोटिसों को स्वीकार करेंगे।
असेसमेंट नोटिस को लेकर लोगों ने की बैठक
असेसमेंट नोटिस में आ रही खामियों को लेकर शहरवासियों ने पार्षद अमित ग्रोवर की अध्यक्षता में मंगलवार को सेक्टर 13 के सामुदायिक केंद्र में बैठक की। इस दौरान लोगों ने प्रॉपर्टी सर्वे में याशी कंपनी की तरफ से बरती गई लापरवाही पर रोष जाहिर किया। साथ ही मांग की कि कंपनी डोर टू डोर जाकर इन खामियों को दुरुस्त करे। बैठक में फैसला किया गया कि शहरवासी इस मामले में बुधवार को निगमायुक्त से भी मुलाकात करेंगे।