नारनौंद (हिसार)। क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ और धमकियों से परेशान 16 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास किया। छात्रा को निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी है। घटना सोमवार की है। पुलिस ने परिजनों के बयान पर चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
हांसी पुलिस के पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से गांव के दो युवक स्कूल आते-जाते समय उनकी बेटी को परेशान कर रहे थे। वे जबरन दोस्ती का दबाव बना रहे थे और मना करने पर धमकाते थे। आरोपियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने।
आरोप है कि 22 मार्च को छात्रा के बड़े भाई ने आरोपियों से बात की तो उसके साथ हाथापाई की गई। इसके बाद शाम को स्टेडियम में भी कुछ अन्य युवकों के साथ मिलकर उसे पीटा। इससे आहत छात्रा ने सोमवार को घर में फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। परिजनों ने समय रहते फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया। इस मामले में नारनौंद थाने में चार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।