हिसार। मंत्री जी...सिर्फ बातें होती हैं काम नहीं, जनता के सामने शर्मिंदा होना पड़ रहा है। अधिकारियों को बार-बार कहने के बावजूद काम नहीं होता..। यह फरियाद किसी आम आदमी की नहीं, शहर के मेयर की है जो उन्होंने शुक्रवार को जनपरिवाद समिति की बैठक लेने के आए पंचायत विकास मंत्री कृष्णलाल पंवार के सामने की। मंत्री ने इस दौरान आम लोगों की भी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से सुनवाई कर समाधान के निर्देश दिए।
लघु सचिवालय के सभागार में सुबह करीब 10.30 बजे शुरू हुई बैठक में एजेंडा नंबर 12 में राजाराम ने महाबीर कॉलोनी में सीवरेज संबंधी समस्या रखते हुए कहा कि 2 साल से सीवरेज ओवरफ्लो हो रहे हैं। मामला ग्रीवेंस कमेटी में लगा तो दो दिन पहले अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर सफाई कराई है। इसी बीच मेयर प्रवीन पोपली ने शिकायतकर्ता के पक्ष में खड़े होकर पंचायत विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार से कहा कि मंत्री जी बहुत बुरा हाल है। अधिकारी हर बार कमेटी के प्रस्ताव का हवाला दे देते हैं। 20 बार फोन के बाद भी काम नहीं होता। अधिकारी सिर्फ बातें करते हैं काम कभी नहीं करते हैं। आप मंत्री हैं मौके पर जाकर देखो, बहुत बुरा हाल है। आप अधिकारियों से पूछ लो दोबारा से सीवरेज ओवरफ्लो हुए तो हम किससे मिलें। पंवार ने कहा कि टेंडर और हाई परचेज कमेटी में मामला जाने के बाद समय लगता है, लेकिन जनता को समाधान मिलना चाहिए। जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन बलकार सिंह ने कहा कि सीवर संबंधी समस्या का समाधान कर दिया है। शिकायतकर्ता ने कहा कि हमें सिर्फ आश्वासन मिलता है। मेयर ने दोबारा से खड़े होकर कहा कि मंत्री जी इन अधिकारियों से यह पूछ लो कि दोबारा तो नहीं होगा। मैंने एक्सईन को 20 बार कह दिया। हमें तो खुद शर्म आने लगती है। मंत्री ने कहा कि जब तक टेंडर नहीं लगता तब तक आप सफाई करवाओ। हर 15 दिन में एरिया की मॉनिटरिंग हो। मैं किसी दिन खुद भी वहां जा सकता हूं।
कांग्रेस में होता तो मेरे काम हो जाते...मंत्री ने कहा बकवास मत करो
गांव मिर्चपुर निवासी नरेश जांगड़ा ने कहा कि डी प्लान का पैसा मिलने के बाद भी धर्मशाला नहीं बन रही। मैं भाजपा मंडल अध्यक्ष हूं। इसलिए मेरा काम नहीं हाे रहा। अगर मैं कांग्रेस में होता तो काम हो जाते। इस पर मंत्री ने कहा बकवास मत करो। मेरी मानगो तो फायदे में रहोगे। जो जमीन मिल रही है उस पर चुपचाप धर्मशाला बनवा लो। पैसा कम पड़े तो डी प्लान से दिला दूंगा।
बरवाला-हांसी एनएच को चलने लायक बनाएं
बरवाला- हांसी नेशनल हाईवे के बुरी तरह जर्जर होने का मुद्दा आने पर पूर्व चेयरमैन रणधीर धीरू ने कहा कि मंत्री रणबीर गंगवा से इस बारे में बात हुई थी। करीब 133 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट बना कर भेजा हुआ है। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने डीसी महेंद्र पाल को निर्देश दिए कि नेशनल हाईवे के अधिकारियों से बातचीत कर निर्माण होने तक सड़क को चलने लायक बनाया जाए।
जलघरों में गंदा पानी, भूजल पीने से हो रहा कैंसर.
गांव बालसमंद के रामपाल ने शिकायत की कि गांव के दोनों जलघर में पानी साफ करने वाले संयंत्र खराब पड़े हैं। जोहड़ के पास से गंदा पानी जलघरों में पहुंच रहा है। मंत्री ने आदेश दिए कि गंदे पानी को जोहड़ में जाने से तुरंत प्रभाव से रोका जाए। लोगों तक स्वच्छ पानी पहुंचाना सुनिश्चित करें।
हमने 16 साल एक साथ नौकरी की
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के रिटायर्ड एक्सईएन आरएस मलिक ने गांव में गली निर्माण की समस्या रखी। मंत्री ने कहा कि मैंने मलिक साहब के साथ 16 साल नौकरी की है। एडीसी मैडम इस काम को मेरी अनुशंसा मान कर प्राथमिकता पर पूरा कराएं। सहकर्मी होने का धर्म निभाना पड़ेगा।