जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की बैठक की अध्यक्षता कर नागरिकों की समस्या सुनते पंचायत विक
हिसार। मेरे वार्ड में सीवरेज और ड्रेनेज का बुरा हाल है। बारिश का मौसम चल रहा है। तीन महीने से कुछ नहीं हो रहा। जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ-एक्सईएन सुनवाई नहीं कर रहे। निगमायुक्त, मेयर, एमएलए किसी की नहीं सुनते। इन अधिकारियों का या तो ट्रांसफर को या निलंबन। मैं इनसे परेशान हूं और पार्षद पद से इस्तीफा ही दे दूंगा। लघु सचिवालय सभागार में सोमवार को जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की बैठक में वार्ड 17 से पार्षद राजेश अरोड़ा ने मंत्री कृष्ण लाल पंवार से सामने कुछ इस तरह अपनी पीड़ा बयां की।
मंत्री के समक्ष शिकायत रखने के दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने सफाई देते कहा कि जवाहर नगर एरिया अंतिम छोर पर पड़ता है। इसलिए बरसाती पानी निकलने में 3 घंटे लगते हैं। इसे राजेश अरोड़ा ने कहा कि मंत्री जी यह अफसर झूठ बोल रहे हैं। तीन नहीं 5 घंटे पानी नहीं निकलता। इस पर मंत्री कृष्णलाल पंवार ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्या का जल्द से जल्द समाधान करवाया जाए। दोबारा इस तरह के शिकायत नहीं आने चाहिए। ज्ञान चन्द गोयल ने मिर्जापुर रोड के पास नियंत्रित क्षेत्र में अवैध कालोनी में सडक़े बनवाने की शिकायत की तो मंत्री ने पुलिस को जांच करने के निर्देश दिए। गांव खेड़ा रांगड़ान के कोटे का राशन उनके गांव में न बांटकर दूसरे गांव उगालन में बांटे जाने के संबंध में उपमंडल अधिकारी विकास यादव ने बताया कि जांच में डिपो होल्डर की गलती मिली है। मंत्री ने लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए।
ट्रैक्टर की धोखाधड़ी में एफआईआर के निर्देश...
गांव बधावड़ निवासी इन्द्रो देवी की जालसाजी एवं धोखाधड़ी से उसके नाम पर ट्रैक्टर लोन लिए जाने संबंधी मामले में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने और प्रार्थी के पैसे वापस दिलवाने के निर्देश दिए। गोल्ड सुक प्रोजेक्ट में नकली हस्ताक्षर से नक्शा बदलाव संबंधी शिकायत पर मंत्री ने मामला एफएसएल को भेजने के निर्देश दिए। गांव खेड़ी चौपटा निवासी नरेश व पवन जांगड़ा गन्दे पानी की निकासी की शिकायत पर मंत्री ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को एक सप्ताह में पानी निकालने और लंबी अवधि की परियोजना बनाकर मुख्यालय को भेजने की हिदायत दी।
आयुष्मान के नाम पर फर्जीवाड़ा....
सेक्टर 13 निवासी जसवंत राय अग्रवाल द्वारा अमनदीप अस्पताल के संचालन तथा आयुष्मान भारत योजना में फर्जीवाड़े की जांच संबंधी शिकायत पर आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
25 सितंबर तक बढाई समिति की डेडलाइन
मीडिया कर्मियों से बातचीत में मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि नए जिलों को लेकर बनी कमेटी को रिपोर्ट देने की आखिरी तारीख 30 जून तय की गई थी । अब इसे बढ़ाकर 25 सितंबर कर दिया गया है। समिति की बैठक जल्द ही बुलाई जाएगी।