हिसार। मंत्री जी हमारे खातों में आए पैसे ही नहीं निकाल पा रहे। पैक्स ने हमें डिफॉल्टर बताकर हमारे खाते सील किए हुए हैं। इसकी जांच भी हो चुकी है। हम एसडीएम से लेकर डीसी तक सभी के पास गुहार लगा चुके हैं। यह शिकायत गांव राखी शाहपुर के किसानों ने शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बिजली पंचायत में रखी।
जिस पर बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने सहकारी बैंक के प्रबंधक को किसानों के सामने ही फोन लगाया। प्रबंधक ने खुद को जींद बताया तो मंत्री ने पूछा हिसार आपकी ड्यूटी है तो जींद क्या कर रहे हो। तीन दिन में इन किसानों का समाधान करो नहीं तो इस मामले को ग्रीवांस कमेटी में डालकर आपके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
राखी शाहपुर के किसानों ने बताया कि खरीफ 2021 का बीमा उनके खाते में आया था। कुछ लोगों ने गड़बड़ तो जिसकी शिकायत के बाद 142 लोगों के खाते भी सील कर दिए गए थे।इस मामले की जांच हो चुकी है। इसके बाद भी किसानों को डिफाल्टर बताकर सील किए गए खाते अब भी नहीं खोले गए। खाते सील होने के कारण दिक्कत आ रही है।
गांव सुल्तानपुर के लोगों ने मुआवजे की समस्या को लेकर शिकायत दी। जिस पर मंत्री ने कहा कि इस मामले को ग्रीवांस में रखे। सब्जी मंडी धर्मशाला के पास रहने वाले लोग हमें तंग कर रहे हैं।
रोहतक जिले के गांव गद्दी खेड़ी से आए कैप्टन मांगेराम ने मकान की छत्त से गुजर रहे बिजली के तारों को हटाने की गुहार लगाई। गांव टिब्बा दानाशेर के लोगों ने बिजली कनेक्शन न दिए जाने की शिकायत रखी। बरवाला से आए मुकेश गर्ग ने खंभा हटाने के लिए गलत एस्टीमेट देने की शिकायत रखी। गांव जेवरा के पूर्व सरपंच ने पानी की समस्या रखी। गुराना के लोगों ने पूरे गांव में बिजली की जर्जर तारों की शिकायत दी।
कुछ दुष्यंत से भी ले लो.....
गांव कौथकला के लोगों ने बिजली पंचायत में बिजली मंत्री रणजीत सिंह से जलभराव के कारण खराब हुई फसल के मुआवजे की मांग रखी तो मंत्री ने कहा कुछ दुष्यंत से भी ले लो। यह उसका महकमा है। उसके पास मेरे से काफी अधिक महकमे हैं।