हिसार। हाड़ कंपा देने वाली ठंड के तीखे तेवर अब भी जारी हैं। हवाओं ने पूरे इलाके पर कहर बरपाया हुआ है। शुक्रवार के बजाय शनिवार को मामूली राहत मिली। लोगों को दिन के समय भी गलन महसूस होती रही। दिन का न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री रहा। सुबह 10 बजे तक कोहरे का असर रहा। शाम शुरू होते ही कोहरे की चादर दोबारा से बिछ गई। शनिवार रात को दृश्यता 5 मीटर से भी कम रही।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन के तापमान 18 से 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचे हुए हैं। अधिकतर शीत लहर और गंभीर शीत लहर की स्थिति बनी हुई है। रात के समय तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से 2 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया था। शनिवार को पश्चिम विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव आया। दोपहर के समय बादलों के बीच धूप निकलती रही। धूप में गर्माहट कम होने के चलते लोगों को पूरी राहत नहीं मिली। प्रदेश में सबसे कम तापमान महेंद्रगढ़ जिले में रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद दूसरा नंबर हिसार का है।
कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से सम्पूर्ण इलाके में रात्रि तापमान में हल्की बढ़त दर्ज हुई है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस था। शनिवार को यह 3.9 रिकॉर्ड किया गया।
आने वाले दो तीन दिनों के दौरान प्रदेश में आंशिक बादल वाही के साथ और कुछ स्थानों पर कोहरा छाया रहेगा। सूर्य की हल्की धुंधली धूप खिली रहने की संभावना बन रही है। जिसकी वजह से शीतलहर अपने रंग दिखाती रहेंगी। सोमवार के बाद चार दिनों तक ठिठुरन भरी हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सितम जारी रहने की संभावना है। इसलिए भारतीय मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 17 जनवरी को भी एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।