हिसार। कॉलेजों में दाखिले के लिए जारी पहली मेरिट लिस्ट में गड़बड़ी मिलने के बाद उच्चतर शिक्षा विभाग ने मेरिट सूची रद्द कर दी है। सोमवार को नई सूची जारी होगी। शिक्षकों ने बताया कि कंप्यूटर में लॉजिकल एरर आने के कारण विभाग की तरफ से गलत मेरिट लिस्ट डाली गई थी।
कॉलेजों के शिक्षकों ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा जारी मेरिट मेें तकनीकी खामियां थी। मेरिट में विद्यार्थियों की केवल पहली पसंद वाले कॉलेज को ही उठाया गया था। इसी तरह एससी-बीसी सहित आरक्षित श्रेणियों में विद्यार्थियों को शामिल ही नहीं किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस बात से भी परेशान रहे कि उनका नाम उनकी पसंद के कॉलेज में नहीं आया, जबकि उनसे कम अंक वाले विद्यार्थी का उसी कॉलेज में दाखिला हो रहा था। रविवार को दिनभर विद्यार्थी कॉलेजों में और शिक्षक उच्चतर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को फोन करते रहे। हालांकि रविवार को भी दिनभर मेरिट लिस्ट जारी किए जाने के प्रयास किए जाते रहे, लेकिन देर शाम तक मेरिट लिस्ट जारी नहीं हो सकी।
उच्चतर शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बात हुई है। कंप्यूटर लॉजिकल एरर के कारण विभाग सही तरीके से मेरिट लिस्ट जारी नहीं कर पाया। रविवार को देर रात तक मेरिट लिस्ट जारी किए जाने की संभावना है। डॉ. राजेश कुमार, एडमिशन नोडल ऑफिसर, जाट कॉलेज हिसार