हिसार। जिले में बुधवार को दवाओं की दुकानें बंद रहेंगी। हिसार केमिस्ट एसोसिएशन के जिला प्रधान सतीश आहुजा ने बताया कि ऑल इंडिया केमिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर यह हड़ताल की जा रही है। उनकी मुख्य मांगों में ऑनलाइन दवाओं की बिक्री बंद करना, कॉरपोरेट्स की तरफ से दवाओं पर भारी छूट देना बंद करना और नकली दवाओं से देश को बचाना शामिल है। सतीश आहुजा ने बताया कि जिले में करीब 1500 दवा की दुकानें हैं जो बंद रहेंगी। हालांकि अस्पताल में संचालित दवा की दुकानें आम दिनों तक तरह खुली रहेंगी ताकि मरीजों को कोई परेशानी न हो। प्रधान ने बताया कि सभी दवा दुकान सुबह 10 बजे नागोरी गेट पर एकत्रित होंगे।
रिकॉर्ड में अनियमितता मिलने पर दो एमटीपी सेंटरों के लाइसेंस 14 दिन के लिए निलंबित
हिसार। स्वास्थ्य विभाग ने रिकॉर्ड में अनियमितताएं मिलने पर दो एमटीपी सेंटरों के लाइसेंस 14 दिन के लिए निलंबित कर दिए हैं। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. अनामिका बिश्नोई ने बताया कि सिविल सर्जन के निर्देश पर उनकी टीम ने हाल ही में दोनों सेंटरों का निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान अवैध गर्भपात जैसी कोई गतिविधि नहीं मिली लेकिन रिकॉर्ड में कई खामियां पाई गईं। इस संबंध में 13 मई को हुई जिला स्तरीय कमेटी की बैठक में कार्रवाई का निर्णय लिया गया। डॉ. अनामिका ने बताया कि विभाग समय-समय पर एमटीपी और आईवीएफ सेंटरों का निरीक्षण करता है। नियमों में खामी मिलने पर संबंधित सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष नवंबर में भी अनियमितताओं के चलते तीन एमटीपी सेंटरों के लाइसेंस रद्द किए गए थे।