शहीद वीरेंद्र की अंतिम यात्रा में शामिल परिवार के सदस्य और ग्रामीण।
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। राजस्थान के जैसलमेर भारत पाकिस्तान सीमा पर गश्त के दौरान हुए हादसे में शहीद हुए जिले के गांव तालु निवासी हवलदार वीरेंद्र सिंह शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। शहीद वीरेंद्र सिंह को शनिवार साढ़े 11 बजे गांव तालु के मोक्ष घर में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। सुबह 9 बजे भिवानी से शहीद वीरेंद्र सिंह का काफिला गांव तालु के लिए निकला। तालु बस स्टैंड से सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने बाइक, ट्रैक्टर व गाड़ियों में सवार होकर शहीद वीरेंद्र सिंह अमर रहे सहित देश भक्ती नारों के साथ घर तक लाए।
शहीद के साथ आए सेना के जवानों ने ताबूत खोल कर वीरेंद्र सिंह के अंतिम दर्शन करवाए। शहीद वीरेंद्र सिंह की शहादत को सैकड़ों की संख्या में अंतिम दर्शन करने पहुंचे लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके साथ सांसद धर्मबीर सिंह, जजपा नेता ईश्वर मान, हर्षवर्धन मान ने शहीद श्रद्धांजलि देकर विदाई की। पार्षद ईश्वर मान ने कहा कि उन्हें वीरेंद्र पर गर्व है। वे हमारे बीच से चले जरूर गए हैं पर वो गांव के युवाओं को हमेशा प्रेरणा बनकर याद आते रहेंगे।
गौरतलब है कि राजस्थान के जैसलमेर की किशनगढ़ फील्ड फायरिंग रेंज में रात्रि गश्त के दौरान सेना का वाहन पलट गया। यह फायरिंग रेंज भारत पाकिस्तान सीमा पर स्थित है। गश्त के दौरान गाड़ी में तीन जवान सवार थे। हादसे के बाद तीनों को रामगढ़ अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक जवान को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य जवानों को गंभीर रूप से घायल बताया गया है, जिनका इलाज जारी है।
शहीद के अंतिम दर्शन करते परिवार के सदस्य और ग्रामीण। विज्ञप्ति- फोटो : Bhiwani
शहीद वीरेंद्र सिंह।- फोटो : Bhiwani