नारनौंद। उपमंडल के गांव पेटवाड़ में 29 वर्षीय कमला का शव पंखे से लटका मिला। मायका पक्ष का आरोप है कि दहेज के लिए उनकी बेटी की हत्या की गई है। पुलिस ने सूर्य नगर निवासी मृतका के भाई विजय की शिकायत पर उसके पति प्रदीप सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शुक्रवार को हांसी के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया।
विजय ने अपने बयान में बताया कि उसकी छोटी बहन कमला की शादी 19 मई 2012 को पेटवाड़ निवासी प्रदीप के साथ हुई थी। दहेज के लिए ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते थे। कमला के दो बच्चे हैं। नारनौंद थाना प्रभारी उमेद सिंह ने बताया कि महिला के भाई के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।