हांसी। सिविल अस्पताल में सोमवार को ऑक्सीजन प्लांट की मशीनें पहुंच गई हैं। मशीनों को स्थापित करने का काम भी शुरू हो चुका है। दावा किया जा रहा है कि एक सप्ताह के अंदर अस्पताल में ऑक्सीजन आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
मई में सरकार ने हांसी के सिविल अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने को मंजूरी मिली थी। क्योंकि 60 बेड के सिविल अस्पताल में कोरोना का उपचार केवल ऑक्सीजन प्लांट न होने के कारण नहीं हो पा रहा था। आखिरकार सरकार ने 200 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन जनरेट करने की क्षमता का प्लांट लगाने की मंजूरी दी थी। हालांकि उस समय एक महीने के अंदर प्लांट लगाने का दावा किया गया था, लेकिन ढाई महीने बीत जाने के बाद भी प्लांट शुरू नहीं हो पाया था। इस महीने में केवल दो कोरोना केस मिले हैं। पिछले सात दिनों से एक भी कोरोना का मरीज नहीं मिला है। सिविल अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार हांसी में दूसरी लहर के दौरान कुल कोरोना केस अब तक 1778 मिल चुके हैं और 36 मौतें भी हो चुकी हैं। अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगने से लोगों को काफी लाभ होगा। फिलहाल हांसी से कोरोना मरीजों को हिसार या फिर अग्रोहा में रेफर किया जाता है।