हिसार। जिले में ऑनलाइन ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ठग रोजाना नए-नए तरीके निकला रहे हैं। अब लाला लाजपत राय पशु विज्ञान एवं पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय से पशुओं का इलाज करवाने वाले पशुपालकों के पास भी फोन आ रहे हैं कि विश्वविद्यालय की नई स्कीम आई है, जिसमें उनका पशुओं के इलाज पर लगा पैसा वापस मिलेगा। वहीं, विवि प्रशासन के अनुसार कई पशुपालकों के मामले को लेकर फोन आए हैं। विवि की ओर से ऐसे कोई योजना शुरू नहीं की गई हैं, ऐसे में किसान व पशुपालक ऐसे फोन कॉल और ठगी से बचें।
एक पशुपालक के अनुसार उन्होंने अक्टूबर 2020 में अपनी भैंस का लुवास के पशु चिकित्सालय में ऑपरेशन करवाया था। सोमवार को उन्हें एक नंबर से कॉल आया और कहा कि विवि की योजना आई है कि पशुओं का इलाज फ्री होगा और पशुओं के इलाज के लिए पहले दिए गए पैसे वापस होंगे। इसके लिए उन्हें विवि के गेट नंबर एक पर आकर अपने दस्तावेज आधार कार्ड, पेन कार्ड व पास बुक लेकर आना होगा। इसके बाद उन्हें पैसे वापस मिलेंगे। पशुपालक ने पशु चिकित्सालय में फोन कर जानकार डॉक्टर से मामले की जानकारी ली तो विवि प्रशासन ने किसी भी योजना से इनकार कर दिया।
चिकित्सकों को जानने वाले पशुपालकों का फोन आया था और उन्होंने इस तरह के फ्रॉड कॉल की शिकायत की है। मंगलवार को पशुपालकों को बुलाया है और उनकी शिकायत के आधार पर साइबर सेल को शिकायत दी जाएगी। पशुओं के इलाज पर लगा कोई पैसा विवि वापस नहीं दे रहा है। ऐसे में किसान व पशुपालक ऐसे फोन कॉल और ठगी से बचें। - डॉ. नीलेश संधू, सोशल मीडिया इंचार्ज, लुवास