हिसार। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) का कुलपति कार्यालय दिसंबर में बरवाला रोड पर बन रहे नए कैंपस में बने प्रशासनिक भवन में शिफ्ट हो जाएगा। नए परिसर में कॉलेज, हॉस्टल, आवासीय परिसर के अलावा पशु चिकित्सालय भी बन रहा है। हालांकि अभी पूरा परिसर तैयार नहीं है। प्रशासनिक भवन में पहले कुलपति ऑफिस शिफ्ट होगा।
चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय हिसार का हिस्सा रहे वेटरनरी कॉलेज को एक दशक पहले सरकार ने लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का दर्जा प्रदान कर दिया था। करीब ढाई सौ एकड़ क्षेत्रफल में यह विश्वविद्यालय वर्तमान में भी एचएयू के परिसर में ही संचालित है। इस विश्वविद्यालय का अपना परिसर बरवाला रोड पर निर्माणाधीन है। कुलपति विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि नए परिसर में प्रशासनिक भवन का काम लगभग पूरा हो चुका है। दिसंबर तक उसे क्रियाशील करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा वेटरनरी कॉलेज, कर्मचारियों के आवास, छात्रावास और पशु अस्पताल का काम भी तेजी से चल रहा है।
फिशरिज कॉलेज का भी प्रस्ताव
नया परिसर बन जाने पर सुविधाएं बढ़ेंगी तो वेटरनरी कॉलेज के साथ-साथ मत्स्य कॉलेज (फिशरिज कॉलेज) बनाने का भी प्रस्ताव है। कोशिश है कि नया परिसर जल्दी तैयार हो जाए, जिससे कि कॉलेज की मान्यता समेत अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में आसानी हो।
अस्पताल में बढ़ेंगी सुविधाएं : एचएयू परिसर में संचालित पशु अस्पताल भी लुवास के नए परिसर में शिफ्ट होगा। नई जगह जाने पर अस्पताल में सुविधाएं भी बढ़ेंगी। कुलपति ने बताया कि नए परिसर में अस्पताल, कॉलेज और प्रशासनिक भवन के लिए अलग-अलग गेट बनाए जा रहे हैं। नए भवन के पशु अस्पताल में कई नई सुविधाएं मिलेंगी।