हिसार। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के सदस्यों ने गुरुद्वारा के प्रांगण में बैठक करके जिला उपायुक्त और एसपी को मेल भेजी है। मेल में सदस्यों ने नागोरी गेट के पास शराब का ठेका खोलने की आशंका को लेकर लिखा है कि उस स्थान के नजदीक नागोरी गेट मंदिर, जैन मंदिर, गुरुद्वारा साहिब और लड़कियों का स्कूल व लाइब्रेरी है।
सरकार का नियम है की शिक्षण संस्थान व धार्मिक स्थान के 100 मीटर के दायरे में शराब का ठेका नहीं होना चाहिए। इसको लेकर सभी सदस्यों व साध संगतों में कड़ा रोष है।
इस क्षेत्र में रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु पूजा-पाठ व अरदास के लिए गुरुद्वारे और मंदिर में आते हैं और विद्यार्थी शांति से पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी में समय बिताते हैं। ऐसे पवित्र और शिक्षाप्रद वातावरण में शराब का ठेका खुलना न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करता है, बल्कि शांति-व्यवस्था भंग होने का खतरा भी बढ़ाता है।
उन्होंने कहा की इस प्रकार ठेका नहीं खोलने दिया जाएगा। इसके लिए हम हर संघर्ष को तैयार हैं। इस मौके पर प्रधान कर्म सिंह, सरदार गुलजार सिंह इंद्रजीत सिंह, अमरीक सिंह, कुलविंदर सिंह, हरजीत सिंह जीता,भगत सिंह, सुखविंद्र सिंह, सोनू सिंह, जसवीर सिंह, परविंद्र सिंह के अलावा गुरु घर से जुडी साध संगत मौजूद रही। संवाद