नारनौंद। गांव राजथल में खेत में रह रहे एक किसान के सिर में चोट मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजथल निवासी सुजान सिंह ने बताया कि वह आर्मी से सेवानिवृत्त है और फिलहाल हिसार में रहता है। उसका बड़ा बेटा 48 वर्षीय जसबीर उर्फ यशवीर गांव में खेत में बने मकान में रहता था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे गांव के एक व्यक्ति ने उसे बताया कि जसबीर उर्फ यशवीर का शव लहूलुहान घर के बाहर पड़ा है। सुजान सिंह ने बताया कि 8 अगस्त को राजथल निवासी सुमित, मेवा सिंह व जगदीप ने उसके बेटे के साथ मारपीट की थी। किठाना निवासी सतबीर उर्फ टुंडा ने करीब चार महीने पहले उसे जान से मारने की धमकी दी थी। उसने उक्त लोगों पर जसबीर की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता के बयान पर 5 लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उमेद सिंह, थाना प्रभारी नारनौंद