कोर्ट में पेश करने के बाद डीएसपी के समक्ष ले जाते आरोपियों को।
- फोटो : Hisar
हांसी। मिनी मॉडल टाउन की श्मशान भूमि पर प्लॉट काटकर बेचने के मामले में पुलिस ने नगर परिषद के दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी नगर परिषद के पूर्व ईओ संजय रोहिल्ला व मौजूदा जेई राहुल भोरिया को शनिवार अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपी संजय रोहिल्ला फिलहाल बहादुरगढ़ नगर पालिका में ईओ के पद पर तैनात हैं। इस मामले में पहले आरोपी सुधीर व राकेश की गिरफ्तारी हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को ईओ संजय रोहिला व जेई राहुल भोरिया को एसपी कार्यालय में बुलाया गया था। दोनों अपने बयान दर्ज करवाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि कुछ दिन पहले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने दोनों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट तलब की थी। इस मामले में हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 21 जुलाई को होगी। हाईकोर्ट ने स्टेटस रिपोर्ट मामले के आरोपी सुधीर की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान तलब की। सुनवाई के दौरान पुलिस भी हाईकोर्ट में पेश हुई।
पुलिस ने कहा कि मामले में नगर परिषद के तत्कालीन कार्यकारी अधिकारी संजय रोहिल्ला व कनिष्ठ अभियंता राहुल की गिरफ्तारी अभी बाकी है। मामले की जांच नारनौंद के डीएसपी कर रहे हैं। हाईकोर्ट ने डीएसपी को 21 जुलाई को पेश होकर नई स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। पांच महीने पहले मॉडल टाउन के समीप जमीन पर भूमाफियाओं द्वारा कब्जे का मामला सामने आया था। इसमें पांच रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं। हालांकि जगह को खाली करवाकर परिषद इसमें अपना कब्जा ले चुकी है। मामले में अब तक दो एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है।
गौरतलब है कि हांसी के मिनी माडल टाउन की करीब एक हजार गज श्मशान घाट की है। इस जमीन पर आरोपी सुधीर कुमार, राकेश व अन्य लोगों ने प्लाटिंग कर इसे बेच दिया था। इन प्लाट का खसरा नंबर लालपुरा किसी दूसरी जमीन का दिखाया गया था। नगर परिषद के अधिकारियों ने इस जमीन पर एनओसी दी थी व इस पर भवन मैप पास कर दिया था। बाद में खुलासा होने पर नगर निगम ने श्मशान की जमीन को जेसीबी चलाकर खाली कराया था।
श्मशान भूमि मामले में दो ओर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों को नोटिस दिया हुआ था। दोनों पेश हुए थे। जहां दोनों को गिरफ्तार किया। इन दोनों अधिकारियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। - राज सिंह, डीएसपी, नारनौंद