फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: दादा काला पीर मठ में जताई नाथ होंगे गद्दीनशीन, 2 दिन बाद गद्दी पर बैठेंगे

Tue, 27 May 2025 12:24 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
नारनौंद। रोहतक के अस्थल बोहर मठ में बैठक करते देश भर के पीर व नाथ संप्रदाय के बाबा।
विज्ञापन
नारनौंद (हिसार)। दादा काला पीर मठ कोथ कलां के बाबा शुकराई नाथ को ग्रामीणों का विरोध भारी पड़ गया। सोमवार को उन्हें दादा काला पीर मठ की गद्दी से हटा दिया। साथ ही जताई नाथ को कोथ कलां मठ के उत्तराधिकारी के रूप में गद्दी पर बैठाने का फैसला लिया। वहीं शुकराई नाथ की तरफ से कुछ ग्रामीणों के खिलाफ लगाई गई स्टे याचिका को हांसी की अदालत ने खारिज कर दिया। इस पर प्रतिवादी पक्ष की तरफ से ग्राम पंचायत की तरफ से पार्टी बनाने की लगाई याचिका पर सुनवाई की तिथि 4 अगस्त तय कर दी।
विज्ञापन

बता दें कि 20 मई को कोथ कलां के ग्रामीणों ने नाड़ा, गैबीनगर से होते हुए जींद बरवाला रोड़ से खेड़ी चौपटा उप तहसील तक रोष प्रदर्शन करते हुए पैदल मार्च निकाला था। इस रोष प्रदर्शन में सैकड़ों ट्रैक्टरों में हजारों की संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। उसके बाद हजारों लोगों ने प्रदर्शन करते हुए खेड़ी चौपटा उपतहसील का घेराव किया था और राखी बारह खाप व कोथ कलां के ग्रामीणों की तरफ से बरवाला के नायब तहसीलदार रविंद्र शर्मा को ज्ञापन सौंपा। इसमें डेरे की जमीन को किसी भी व्यक्ति के नाम नहीं करने को कहा गया था। ग्रामीणों ने शुक्रराई नाथ पर आरोप लगाया था कि वह कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर डेरे की जमीन को अपने नाम से करवाना चाहता है, लेकिन ग्रामीण ऐसा नहीं होने देंगे। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा था कि जब तक शुकराई नाथ दादा काला पीर मठ कोथ कलां में बैठा है, तब तक गांव में शांति स्थापित नहीं हो सकती है। इस मामले को लेकर राखी गढ़ी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी ग्रामीणों ने मुलाकात की थी।

बोहर में एकत्रित हुए थे पीर
इससे पहले सभी पीर बाबा मस्तनाथ बोहर में एकत्रित हुए। यहां राजस्थान के तिजारा विधानसभा से मौजूदा विधायक महंत बालक नाथ योगी की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। बैठक में देश भर के 7 पीरो ने मिलकर पीर दादा काला पीर मठ कोथ कलां की गद्दी पर महंत जताई नाथ को बैठाने का फैसला लिया गया है।
विज्ञापन


अदालत ने स्टे याचिका की खारिज
वहीं दूसरी तरफ बाबा शुकराई नाथ ने हांसी की अदालत में गांव कोथ कलां की दो महिलाओं सहित 31 लोगों को पार्टी बनाकर 16 मई को अदालत में याचिका दायर कर स्टे मांगा गया था। इस याचिका में कहा गया कि ये लोग डेरे का माहौल खराब कर रहे हैं और उन्हें डेरे में पूजा के अलावा किसी भी प्रकार की गतिविधि में शामिल होने पर रोक लगाई जाए। बारह खाप के पूर्व प्रधान सुरेश कोथ, पूर्व सरपंच अनिल संधू, सतबीर नंबदरदार, आनंद, सतपाल सहित 31 लोगों को पार्टी बनाकर उनके डेरे में आने पर पाबंदी लगाने के लिए स्टे मांगा गया था। मगर एडवोकेट विकास चहल व विजयवीर चहल ने बाबा शुकराई नाथ के खिलाफ अपना पक्ष था। साथ ही अदालत से मांग की थी कि बाबा शुकराई नाथ की याचिका जनभावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है और इससे आम लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है। मंदिर व मठ में जाने का सभी को बराबर का अधिकार है, ऐसे में किसी के अधिकारों का हनन हो सकता है। प्रतिवादी पक्ष के वकीलों की दलील सुनने के बाद अदालत ने बाबा शुकराई नाथ की स्टे याचिका को सोमवार को खारिज कर दिया। इस पर प्रतिवादी पक्ष की तरफ से ग्राम पंचायत की तरफ से पार्टी बनाने की याचिका लगाई गई तो अदालत ने इस मामले की सुनवाई 4 अगस्त तय कर दी है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें