हिसार। सेक्टर 9-11 के पास स्थित जय श्याम विहार में सीवर लाइन डालने का कार्य अनियमितताएं मिलने पर रुकवा दिया गया है। स्थानीय निवासियों की कई महीनों की मांग के उपरांत यहां सीवर लाइन का कार्य शुरू हुआ था, लेकिन जय श्याम विहार व्यापार एसोसिएशन के सदस्यों व अन्य निवासियों ने इस कार्य में त्रुटियां देखी तो तुरंत जिंदल हाउस में संपर्क किया। इस मामले पर संज्ञान लेते हुए तत्काल जिंदल हाउस से ललित शर्मा, वार्ड-12 के पार्षद जगमोहन मित्तल व वार्ड-13 के पार्षद संजय डालमिया मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सीवर लाइन निर्माण कार्य का मुआयना किया और एकबारगी इस कार्य को रुकवा दिया।
इस अवसर पर पार्षद जगमोहन मित्तल ने बताया कि यहां पहले 8 इंच की लाइन थी, जिसकी जगह अब 9 इंच की लाइन बिछाई जा रही है, जबकि यहां 12 इंच की लाइन बिछाई जानी थी। मैनहोल के निर्माण में भी घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। बिना बेड का निर्माण किए ही पाइप बिछाई जा रही है। मैनहोल में भी बेड नहीं बनाया जा रहा है। ठेकेदार ने सारा रास्ता बंद कर दिया है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी आ रही है। मौके पर पानी भी भरा हुआ है, जिसकी निकासी भी नहीं करवाई जा रही है।
इस कार्य की कोई मॉनिटरिंग नहीं की जा रही है। जगमोहन मित्तल ने बताया कि उन्होंने एसडीओ को मौके पर बुलाया था, लेकिन वह नहीं पहुंचे। अब सोमवार को फिर से अधिकारियों को यहां बुलाकर कमियों के बारे में जवाब-तबल किया जाएगा। इस अवसर पर जय श्याम विहार व्यापार एसोसिएशन के प्रधान वेद प्रकाश शर्मा, उपप्रधान राहुल कंसल, सचिव विवेक मित्तल, एसोसिएशन के सदस्य विश्वनाथ, मनोज, संभव अग्रवाल, रमेश व जगदीश आदि मौजूद रहे।