सिवानी मंडी। जनगणना कार्य के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गांव लीलस में कार्यरत हिंदी अध्यापिका कमला पायल ने कठिन परिस्थितियों में पांच कर्मचारियों के योग्य 1,150 मकानों के सूचीकरण का कार्य अकेले संभाला। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए शिक्षक समाज 31 मई को उन्हें सम्मानित करेगा।
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के प्रधान राजेश कुमार मेहरिया ने बताया कि जनगणना प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक प्रगणक को करीब 200 से 250 मकानों का कार्य सौंपा गया था लेकिन कार्य विभाजन में गड़बड़ी के कारण कमला पायल को सिवानी क्षेत्र के आसपास फैले खेतों, ढाणियों और दूरदराज इलाकों सहित करीब 1,150 मकानों का दायित्व दे दिया गया।
गर्मी में दूर-दूर तक जाकर उन्होंने मकानों का सूचीकरण किया और निर्धारित समय से पहले नक्शा तैयार कर संबंधित विवरण जमा करवाया। उनकी ड्यूटी के प्रति निष्ठा दूसरों के लिए प्रेरणा है।