बास। तहसील के गांव भकलाना के एक युवक से नौकरी लगवाने के नाम पर 2 लाख 20 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर विज्ञापन डालकर भकलाना निवासी प्रवीन को मर्चेंट नेवी में भर्ती कराने का झांसा दिया।
भकलाना निवासी प्रवीन ने बताया कि वह मर्चेंट नेवी में नौकरी करना चाहता था और बीते कुछ समय से इसके लिए प्रयासरत था। अगस्त में उसने सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखा, जो मर्चेंट नेवी से जुड़ा था। इसके बाद उसने उस नंबर पर संपर्क किया तो कंपनी द्वारा रिज्यूम मंगवाया गया। इसके बाद उसके पास एक नंबर से फोन आया और उसे बताया गया कि वह ओशियन शिप की तरफ से बोल रहे हैं। इसके बाद ज्वाइनिंग के नाम पर जरूरी कागजात और 2 लाख 20 हजार रुपये ले लिए। फोन करने वाले ने खुद का नाम अजय बताते हुए उससे कहा कि उसकी 8 अगस्त को ज्वाइनिंग हो जाएगी। बाद में फोन आया कि कोरोना के नाम ज्वाइंनिग में देरी हो रही है। अब उक्त मोबाइल नंबर बंद आ रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।