हिसार। मटका चौक के पास के होटल कर्मी दीक्षित उर्फ पारस की हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की है। मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस की टीम आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस को मौके से कई सीसीटीवी की की फुटेज मिली है। हमले के बाद दीक्षित उर्फ पारस पास के दूसरे होटल में भी पहुंचा। वहां कुछ देर बातचीत करने के बाद वापस आया।
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी विजयपाल ने बताया कि मृतक की पत्नी संजना के बयान पर दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। बारह क्वार्टर स्थित देव वाटिका निवासी संजना ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसकी 2020 में पारस के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद दोनों का एक बच्चा है। पति माल रोड पर एक होटल में काम करता था। रात साढ़े नौ बजे होटल में काम करने वाले अभिषेक ने फोन कर बताया कि दो युवक पारस को पीटने आए थे। एक के हाथ में डंडा और दूसरे के हाथ में सुआ था। वे दोनों पारस को मारने लगे। वह जान बचाकर होटल से भाग गया।
उसके बाद होटल मालिक विकास के पास फोन किया तो उसने बताया कि पारस की तबीयत खराब है, उसे सिविल अस्पताल लेकर जा रहे हैं। मैं बाद में अस्पताल पहुंची तो डॉक्टर ने पारस को मृत घोषित कर दिया था। होटल के सीसीटीवी की फुटेज में नजर आ रहा है कि दो युवक पारस पर हमला कर रहे हैं। उस दौरान एक अन्य युवक पास के दूसरे होटल के सामने खड़ा रहा। वह करीब दस मिनट वहीं खड़ा रहा। इस दौरान उसने किसी को दीक्षित पर हो रहे हमले के बारे में नहीं बताया। पारस नीचे आया तो वह युवक चला गया। दूसरे होटल में काम करने वाले एक कर्मी ने बताया कि जब घायल दीक्षित उर्फ पारस को गाड़ी में बैठाकर अस्पताल ले जा रहे थे, तब एक युवती भी वहां थी। जिसकी अभी पहचान नहीं हो सकी है।