मंडी आदमपुर। भादू कालोनी में सोमवार सुबह कुछ लोगों ने मकान व गोदाम पर जेसीबी चलाकर क्षतिग्रस्त कर दिया। जिससे किरायेदार को लाखों रुपये का नुकसान हो गया। इस दौरान मकान व गोदाम में मौजूद मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई। आदमपुर पुलिस ने दो लोगों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ हत्या प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में आदमपुर निवासी एवं हाल दिल्ली में रह रही बिमला देवी ने बताया कि टेलवाला कुटिया हनुमान मंदिर के पास भादू कालोनी में एक मकान व गोदाम को हनुमान प्रसाद तथा कुछ कमरे रिक्शा चालक राकेश सहनी व कुछ मजदूरों को किराये पर दिया हुआ है। सोमवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे राजेंद्र भादू जेसीबी मशीन लेकर आया। जिसका मालिक सदलपुर निवासी राकेश पूनिया है। जेसीबी से मकान व गोदाम में तोडफोड़ करनी शुरू कर दी। कमरों व दीवारों की ईंटें गिरने लगी तो अंदर सो रहे मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई। इससे किरायेदारों का कीमती सामान भी टूट गया। बिमला देवी के देवर ने जब राजेंद्र से फोन पर बात की तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
वर्जन
- मौके का निरीक्षण किया है। बिमला देवी की शिकायत के आधार पर राजेंद्र भादू व राकेश पूनिया को नामदज करते हुए उनके खिलाफ धारा 294, 307, 427, 448, 506 व 511 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- एसआइ राजपाल, जांच अधिकारी।