शूटिंग के पदक विजेता युवराज के साथ मीनू कालीरमन और कोच संजय मलिक आदि।
हिसार। 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में हिसार के युवा निशानेबाज युवराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पिस्टल स्पर्धा में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 25 दिसंबर को डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज, नई दिल्ली में आयोजित की गई थी।
युवराज वर्तमान में शहर स्थित मलिक शूटिंग रेंज में कोच संजय मलिक के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर रहे हैं और आगामी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटे हैं।
माउंट एवरेस्ट और माउंट लहोत्से पर विजय प्राप्त करने वाली मीनू कालीरामन ने युवराज की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और अटूट संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि युवराज की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। युवराज की इस उपलब्धि से खेल जगत में खुशी की लहर है और खेल प्रेमियों को भविष्य में उनसे और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।