खिलाड़ी दिनेश बाना को अभ्यास करवाते कोच रणवीर। संवाद
- फोटो : Hisar
हिसार। अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में चौथे-छक्के की बदौलत भारतीय टीम को जीत दिलाने वाले सेक्टर-14 निवासी दिनेश बाना अब एमएस धोनी के साथ प्रैक्टिस करते नजर आएंगे। दिनेश मंगलवार को सूरत के लिए रवाना होंगे। उनकी दोपहर को तीन बजे दिल्ली से फ्लाइट है। बाना के कोच रणवीर ने बताया कि मंगलवार से सूरत में आईपीएल का कैंप शुरू हो रहा है। दिनेश बाना चेन्नई सुपर किंग की टीम के साथ प्रैक्टिस करेंगे। उल्लेखनीय है कि हिसार के दिनेश बाना रविवार देर शाम को ही दिल्ली से लौटे थे।
कोच के साथ पहुंचे एकेडमी, छह घंटे करवाई प्रैक्टिस
दिनेश बाना रविवार शाम को ही घर पहुंचे थे। सोमवार को वह कोच रणवीर के साथ कैमरी रोड स्थित सेंट सोफिया स्पोर्ट्स एकेडमी पहुंचे। इस दौरान कोच ने दिनेश को सुबह-शाम तीन-तीन घंटे प्रैक्टिस करवाई। दिनेश बाना से मिलने काफी खिलाड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। एकेडमी पहुंचने पर दिनेश बाना ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं, अंडर-19 वर्ल्ड कप में टीम को जीत दिलाने पर दिनेश बाना को अन्य खिलाड़ियों ने बधाई दी।
रिश्तेदारी में डेथ के कारण नहीं बना सके खुशियां
अंडर-19 वर्ल्ड कप में जीत के बाद दिनेश बाना पहली बार हिसार पहुंचे थे। हिसार लौटने पर उनका धूमधाम से स्वागत किया जाना था, लेकिन रिश्तेदारी में मौत होने के कारण वह अपने परिवार, दोस्तों और कोच के साथ खुशियां नहीं बना सके। आज वह सूरत के लिए रवाना होंगे।
सूरत में लगने वाले आईपीएल कैंप के लिए दिनेश की तैयारी पूरी है। वहां भी दिनेश बेहतर प्रदर्शन करेंगे। दिनेश ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
- रणवीर, दिनेश के कोच