जजपा के प्रदेश महासचिव दिग्विजय चौटाला हरियाणा के हिसार के गांव सिवानी बोलान पहुंचे तो ग्रामीण उनकी गाड़ी के सामने खड़े हो गए। प्रदर्शनकारियों ने उनसे सवाल पूछे। जब वह जवाब नहीं दे पाए तो ग्रामीण नारेबाजी करने लगे। इस पर दिग्विजय चौटाला गाड़ी से निकलकर बाहर आ गए।
विज्ञापन
किसानों ने कहा कि जब हम लोगों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए सड़क पर कीलें गाड़ दी गई थीं तब आप सत्ता का सुख भोग रहे थे? उस दौरान आपने किसानों की सुध नहीं ली। अब हम भी आपको गांव में घुसने नहीं देंगे। आपके पिता ने किसान आंदोलन को बीमारी कहा, अब उस बीमारी वाले लोगों से वोट मांगते शर्म नहीं आती।
इस पर दिग्विजय चौटाला बोले- आप हमारे घर के आदमी हो आज नहीं तो कल वोट तो दोगे। इसके बाद दिग्विजय चौटाला कुलेरी गांव की तरफ चले गए। इस मौके पर किसान विनोद सिहाग उर्फ भूरा, आंनद, सतबीर, कृष्ण नंबरदार, प्रदीप, सोनी, सुनील आदि मौजूद रहे।