हरियाणा पुलिस में सिपाही की परीक्षा देने पहुंचे सैकड़ों युवाओं को परीक्षा केंद्र के गेट से वापस लौटना पड़ा। एडमिट कार्ड को प्रमाणित न कराकर लाने के कारण इन युवाओं को परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया गया। एडमिट कार्ड पर पहले से ही लिखा गया था कि एडमिट कार्ड प्रमाणित होने चाहिए।
हरियाणा पुलिस में सिपाही पद के लिए रविवार को जिले में 14 केंद्रों पर दो चरणों में लिखित परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा देने करीब 8000 अभ्यर्थी पहुंचने थे। जानकारी के अनुसार करीब 10 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। बड़ी संख्या में युवा परीक्षा देने से चूक गए। युवाओं को जारी किए गए एडमिट कार्ड पर फोटो लगाकर उसे प्रमाणित कराना था। इसके लिए एडमिट कार्ड पर दिशा निर्देश भी लिखे गए थे। इसके बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बिना प्रमाणित एडमिट कार्ड लेकर पहुंच गए। ऐसे अभ्यर्थी परीक्षा नहीं दे सके। परीक्षा केन्द्रों में सीसीटीवी कैमरे, बॉयोमीट्रिक फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी करवाई गई। परीक्षार्थी को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र पर आना शुरू हो गए थे। प्रात: कालीन सत्र में 9.30 बजे व दूसरे सत्र में 2 बजे के बाद किसी को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया।
इन केंद्रों पर हुई परीक्षा
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल जहाजपुल ब्लॉक ए व बी, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल सुशीला भवन, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल पटेल नगर, राजकीय हाई स्कूल मॉडल टाउन, सीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पीजीएसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दर्शन एकेडमी स्कूल, जिंदल माडर्न स्कूल, सेंट फ्रांसिस जेवियर स्कूल ए व बी, ठाकुरदास भार्गव सीनियर सेकेंडरी स्कूल ब्लॉक ए व बी।
देर रात परीक्षा सामग्री वापस भेजी
परीक्षा के लिए नोडल ऑफिसर बनाए गए एसडीएम अशोक बंसल की निगरानी पेपर सील किए गए। देर रात तक इन सभी सील किए गए बंडलों को एचएसएससी मुख्यालय के लिए रवाना कर दिया गया, जिसकी पूरी वीडियोग्राफी कराई गई।