हरियाणा कॉटन जिनर्स एसोसिएशन की राज्यस्तरीय बैठक सोमवार को सायं एक बैंक्वेट में प्रदेशाध्यक्ष सुशील मित्तल की अध्यक्षता में हुई, जिसमें प्रांत भर के 100 से अधिक मिल मालिकों ने भाग लिया। बैठक में अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर चर्चा की गई। अन्य वक्ताओं के बाद प्रदेशाध्यक्ष सुशील मित्तल ने मिल मालिकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2011 से लेकर अब तक कपास पर मार्केट फीस जो 1.60 पैसे थी, को बढ़ाकर भाजपा सरकार ने 4 रुपये कर दिया है व बिनौले का टैक्स जो माफ तो कर दिया परंतु जीरो श्रेणी में नहीं डाला जिस कारण जीनिंग मिलों पर सरासर बोझ बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि बिनौले का जो टैक्स माफ किया गया है, उसे सरकार भुगते। मिलों को इससे मुक्त किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को हल कराने के लिए एसोसिएशन अधिकारी स्तर से लेकर मुख्यमंत्री तक से मिल चुकी है, परंतु कोई समाधान नहीं निकाला गया, जिससे मिल मालिकों में सरकार के प्रति तीव्र रोष व्याप्त है। बैठक को एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरसेम राजलीवाला, सचिव विरेंद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुरेश गोयल, संरक्षक सुमेर चंद आदि ने भी संबोधित किया।
इन दो मांगों पर विचार-विमर्श करने उपरांत लिए गए फैसले की घोषणा करते हुए प्रदेशाध्यक्ष सुशील मित्तल ने कहा कि प्रदेश भर की जिनर्स मिलें मंगलवार से बेमियादी समय के लिए बंद रहेंगी। इस दौरान किसी तरह का कोई व्यापार नहीं किया जाएगा। बैठक में हिसार से धर्मपाल, कैलाश, बरवाला से सतीश बंसल, रामोवतार, बड़वा से शंकरलाल, सिरसा से हांसी से हरिकेश, उकलाना से जगदीश प्रसाद, भिवानी से रामनिवास, जुई से पिंटू, पलवल से राजेश कुमार, कालांवाली से सुरेश गोयल, फतेहाबाद से वीरेंद्र सिंह, भट्टू से राजेंद्र प्रसाद, आदमपुर से घीसाराम जैन, ऐलनाबाद से सुभाष चंद गोयल, बापोड़ा से पवन शर्मा, भूना से श्यामसुंदर, डबवाली से पवन शारदा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से मिल मालिकों ने भाग लिया।